सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी बोले— विकासनगर में शीघ्र बनाया जाएगा सैनिक विश्राम गृह

देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को विकासनगर में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। इस सुविधा के शुरू होने से पछवादून और विकासनगर क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके परिवारजनों और अन्य लाभार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रतीक्षा कक्ष के निर्माण से पॉलीक्लिनिक एवं कैंटीन आने वाले लाभार्थियों को बैठने के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी और उन्हें धूप, ठंड तथा बरसात जैसी प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों से भी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विकासनगर एक प्रमुख जंक्शन है, जहां आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या पूर्व सैनिकों का आवागमन होता है। इसे देखते हुए विकासनगर में सैनिक विश्राम गृह बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आने वाले भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों को ठहरने की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को हरबर्टपुर स्थित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक विकासनगर में शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय और ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक एक ही स्थान पर होने से भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके आश्रितों को विभिन्न कार्यों और सुविधाओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय बचेगा और उन्हें एक ही परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं एवं सैनिक कल्याण से संबंधित सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिकों और उनके परिवारों की सुविधा, सम्मान एवं कल्याण सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 में विकासनगर में ईसीएचएस कैंटीन और पॉलीक्लिनिक की शुरुआत एक किराए के भवन से हुई थी। उस समय सीमित संसाधनों के चलते क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि स्पष्ट नीतियों, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2024 में ईसीएचएस कैंटीन और पॉलीक्लिनिक को विशाल रक्षा भूमि पर स्थापित कर विधिवत संचालित किया गया। यह क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही है। इससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए देहरादून तक जाने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिली है। उन्होंने कहा कि पछवादून और विकासनगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक और उनके परिवार रहते हैं। विशेष रूप से बुजुर्ग सैनिकों, उनकी पत्नियों और आश्रितों के लिए घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के माध्यम से उन्हें स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है। अब नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष इस व्यवस्था को और अधिक सुविधाजनक बनाएगा।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यह प्रतीक्षा कक्ष केवल बैठने की जगह नहीं, बल्कि उन वीर सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान का प्रतीक है, जिन्होंने देश की सुरक्षा और सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्ग पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को अब अपनी बारी का इंतजार करते समय मौसम की कठिनाइयों का सामना कम करना पड़ेगा। यह सुविधा उनके लिए आरामदायक और उपयोगी सिद्ध होगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सैनिकों का सम्मान, उनके परिवारों की देखभाल और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिकों और उनके आश्रितों का कल्याण केवल सरकार की नीति नहीं, बल्कि हमारा परम कर्तव्य और सेवा का संकल्प है। राष्ट्र की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सैनिकों तथा उनके परिवारों को सम्मानजनक और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक का नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष क्षेत्र के लाभार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगा और सैनिक कल्याण की दिशा में एक और सार्थक कदम बनेगा।
इस अवसर पर विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष हरबर्टपुर नीरू देवी, दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक देहरादून के अध्यक्ष मंजीत रावत, डिप्टी जीओसी सब एरिया ब्रिगेडियर आरएस थापा, लेफ्टिनेंट कर्नल अनिल घोरसी, निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा (सेनि) सहित सैन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

📌 यह भी पढ़ें: देश की प्रमुख खबरें

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

एमडीडीए का अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर बड़ा एक्शन, 7 स्थानों पर कार्रवाई

रवि अक्टूबर 25 , 2026
शिमला बाईपास पर 20 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, पौंधा में 30-40 बीघा जमीन पर प्लॉटिंग सील, मसूरी और बिधौली में भी चला प्राधिकरण का अभियान देहरादून। राजधानी देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में अवैध निर्माण तथा बिना अनुमति की जा रही प्लॉटिंग के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share