मुख्यमंत्री धामी को सिख समुदाय ने दी ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ की उपाधि

गुरु नानक देव जी के प्रथम प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गोविंदनगर में आयोजित कार्यक्रम में किया गया सम्मानित, मुख्यमंत्री ने दिया प्रेम, सेवा और भाईचारे का संदेश

देहरादून, 25 नवंबर 2026 (सू.वि.)। गुरु नानक देव जी महाराज के प्रथम प्रकाश पर्व के अवसर पर देहरादून के गुरुद्वारा गोविंदनगर, रेसकोर्स में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सिख समुदाय की ओर से ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। 24 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग कर गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए समाज में आपसी सद्भाव, एकता, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
सिख समुदाय के प्रतिष्ठित लोगों ने मुख्यमंत्री को ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ की उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी एवं सिख समुदाय के तत्वावधान में किया गया।
मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी महाराज के आदर्शों का स्मरण करते हुए कहा कि उनके जीवन दर्शन में मानवता की सेवा, समानता, प्रेम, सद्भाव और निःस्वार्थ सेवा का संदेश निहित है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने और मानव कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।
धार्मिक आयोजन में सरकारी योजनाओं की भी दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से जन-जागरूकता की विशेष पहल की गई। विभागीय प्रतिनिधियों ने गुरुद्वारा परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न रोजगारपरक और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही योजनाओं से संबंधित ब्रोशर एवं प्रचार सामग्री वितरित कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस पहल का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से आमजन को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के सचिव बरकत अली, संजय रावत, दीपा, शमा, प्रतीक, कमल सिंह एवं प्रमोद सहित विभागीय प्रतिनिधि, सिख समुदाय के गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share