स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान से जुड़े सभी लंबित कार्य समयबद्ध पूरे हों: जिलाधिकारी

चमोली । जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन, जनपद चमोली के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को इन प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक का उद्देश्य पूर्व में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों में तेजी लाना तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृतियों के संरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना था।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान एवं उनके योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर स्थापित स्मारकों, शिलापट्टों, सड़कों, चौराहों एवं अन्य परिसंपत्तियों से संबंधित सभी लंबित कार्यों का विभागवार परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही संबंधित विभाग नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध कराएं।
बैठक में पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने गोपेश्वर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति में प्रस्तावित संग्रहालय (म्यूजियम) के निर्माण के लिए अधिशासी अधिकारी एवं पेयजल निर्माण विभाग को शीघ्र विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि पूर्व निर्देशों के अनुपालन में राजकीय इंटर कॉलेज नंदप्रयाग के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण गढ़केशरी श्री अनुसूया प्रसाद बहुगुणा के नाम पर पूर्ण कर लिया गया है। वहीं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय भजन सिंह तोपाल राजकीय इंटर कॉलेज कनखुल में बाउंड्री वॉल सहित पूर्व बैठक में निर्देशित अधिकांश कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर सड़कों, विद्यालयों एवं अन्य सरकारी परिसंपत्तियों के नामकरण संबंधी सभी प्रस्तावों को सभी सम्बन्धित विभाग निर्धारित प्रारूप में तैयार कर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के माध्यम से सक्षम समिति के समक्ष शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने जनपद के सभी सरकारी चिकित्सालयों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके उत्तराधिकारियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्रदर्शित करने के लिए सूचना बोर्ड लगाने तथा आवश्यकता अनुसार अलग हेल्प डेस्क अथवा सूचना काउंटर स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज नंदप्रयाग का नाम गढ़केशरी अनुसूया प्रसाद बहुगुणा के नाम पर किए जाने संबंधी प्रस्ताव को नियमानुसार अग्रसारित करने तथा विद्यालय को क्लस्टर विद्यालय में सम्मिलित किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदप्रयाग की संपर्क सड़क के ढाल (स्लोप) को आवश्यकता अनुसार सुधारने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के उत्तराधिकारियों को राष्ट्रीय पर्वों एवं अन्य महत्वपूर्ण सरकारी आयोजनों में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाए, ताकि नई पीढ़ी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान से प्रेरणा ले सके। बैठक में विभिन्न मोटर मार्गों, शिलापट्टों, स्मृति द्वारों तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम से जुड़े विकास कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, नगर निकाय, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन द्वारा वर्ष 1942 के कर्णप्रयाग कांड की स्मृति में आगामी 15 अगस्त को कर्णप्रयाग में कार्यक्रम आयोजित किए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग को समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम की आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों पर आधारित पुस्तक “आजादी के गुमनाम नायक” के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिकाधिक लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष गोविंद सिंह तोपाल, समीर बहुगुणा, भुवन नौटियाल, भरत सिंह रावत, त्रिलोक सिंह खत्री, अनुसूया सिंह सजवाण, आनंद सिंह पंवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share