घंटाघर से हुआ उत्तराखंड की 1952 की प्राचीन धरोहर ‘भव्य रामलीला महोत्सव 2026’ का उत्तराखंड की लोक संस्कृतियों के संगम वाली भव्य कलश यात्रा से शुभारंभ

रेसकोर्स के ‘भव्य रामलीला महोत्सव 2026’ में रामलीला मंचन, मेला, पुतला दहन के साथ उत्तराखंड की भव्य सांस्कृतिक विरासत का होगा अद्भुत संगम

देहरादून । श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952, देहरादून (पंजी.) द्वारा उत्तराखंड की प्राचीन एवं गढ़वाल की ऐतिहासिक राजधानी रही पुरानी टिहरी की वर्ष 1952 से चली आ रही ऐतिहासिक रामलीला को टिहरी के जलमग्न होने के बाद देहरादून में पुनर्जीवित करने का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में इस वर्ष देहरादून के श्री गुरु नानक मैदान, रेसकोर्स में ‘भव्य रामलीला महोत्सव 2026’ का आयोजन शारदीय नवरात्रों में 11 से 21 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इसी क्रम में आज प्राचीन हनुमान मंदिर, घंटाघर से भव्य कलश यात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ।
श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952, देहरादून द्वारा आयोजित भव्य कलश यात्रा में मातृशक्ति, क्षेत्रवासियों एवं रामलीला समिति के सदस्यों ने प्राचीन हनुमान मंदिर घंटाघर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात यात्रा पलटन बाजार, राजा रोड, प्रिंस चौक, त्यागी रोड होते हुए श्री गुरु नानक मैदान, रेसकोर्स पहुंची। यात्रा में उत्तराखंड की भव्य संस्कृति एवं विभिन्न झांकियों का अद्भुत संगम देखने को मिला।
भव्य कलश यात्रा में गढ़वाल के पारंपरिक प्राचीन ढोल-दमाऊं, शिव ढोल, जौनसार की पारंपरिक रणसिंगा वाद्य परंपरा, कुमाऊं के प्रसिद्ध छोलिया नृत्य तथा इसके बाद पंजाबी ढोल का अद्भुत संगम देखने को मिला। सजे-धजे घोड़ों पर सवार घुड़सवारों ने भगवान श्रीराम का ध्वज लेकर यात्रा की अगुवाई की, जो अत्यंत भव्य एवं मनमोहक दृश्य रहा। इसके साथ घोड़े-बग्गी, बैंड-बाजे, रामधुन, देव डोली एवं विभिन्न झांकियों ने कलश यात्रा की शोभा बढ़ाई और क्षेत्रवासी मंत्रमुग्ध हो गए।
राम झांकी में 10 फीट ऊंचे हनुमान जी एवं 12 फीट ऊंचे जामवंत जी की भव्य प्रतिमाओं के साथ वानर सेना और जामवंत के प्रतिरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। भगवान राम दरबार की झांकी एवं भगवान वाल्मीकि जी की झांकी ने भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह पैदा किया।
जंगम शिवालय में टपकेश्वर के महंत श्री 108 कृष्णागिरी जी महाराज द्वारा पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया, जबकि पलटन बाजार में कालिका मंदिर समिति द्वारा प्रसाद वितरण कर यात्रा का स्वागत किया गया। कलश यात्रा का लगभग 11 स्थानों पर व्यापारियों, क्षेत्रवासियों एवं पार्षदगणों द्वारा पुष्प वर्षा एवं भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के श्री गुरु नानक मैदान, रेसकोर्स पहुंचने पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ इसका समापन हुआ। इसके पश्चात सभी यात्रियों एवं क्षेत्रवासियों ने प्रभु श्रीराम के भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952, देहरादून के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि उत्तराखंड की प्राचीन एवं गढ़वाल की ऐतिहासिक राजधानी रही पुरानी टिहरी की वर्ष 1952 से चली आ रही रामलीला को टिहरी के जलमग्न होने के बाद देहरादून में भव्य रूप से पुनर्जीवित किया गया है। वर्ष 2025 में आयोजित भव्य रामलीला को विभिन्न माध्यमों से 85 लाख से अधिक दर्शकों ने देखा था और इस वर्ष डिजिटल माध्यमों के जरिए इसे 1 करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभिनव थापर ने कहा कि इस बार रामलीला महोत्सव में रामलीला मंचन के साथ उत्तराखंड की भव्य सांस्कृतिक धरोहर का भी अद्भुत समागम होगा। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से कलाकार अपनी लोक कला एवं संस्कृति की प्रस्तुति देंगे। गढ़वाल के ढोल-दमाऊं, जौनसारी रणसिंगा, कुमाऊं के छोलिया नृत्य सहित उत्तराखंड की पारंपरिक लोक कलाओं को मंच प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष Digital Live Telecast System के माध्यम से रामलीला मंचन का लाइव प्रसारण किया जाएगा। आधुनिक तकनीक, डिजिटल स्क्रीन एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए रामलीला को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य उत्तराखंड एवं गढ़वाल की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ना है।
इस बार रामलीला महोत्सव में भजन संध्या एवं उत्तराखंड के पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भव्य मेले का आयोजन भी होगा। 20 अक्टूबर को रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद एवं लंका के पारंपरिक पुतला दहन का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
11 अक्टूबर को शाम 6 बजे पंचतत्व बैंड का विशाल कॉन्सर्ट
महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में 11 अक्टूबर को शाम 6 बजे रामलीला स्थल, श्री गुरु नानक मैदान, रेसकोर्स में ‘पंचतत्व बैंड’ का विशाल कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा। पंचतत्व बैंड के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं संगीत को आधुनिक प्रस्तुति के साथ दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
कलश यात्रा में अध्यक्ष अभिनव थापर, पूर्व विधायक राजकुमार, रेसकोर्स गुरुद्वारे के अध्यक्ष बलबीर सिंह बन्नी, कालिका मंदिर समिति के संजय आनंद, बजरंग दल के विकास वर्मा, संजय कनौजिया कद्दू, पवनदीप कुकरेजा, पार्षदगण अर्जुन सोनकर, वीरेंद्र बिष्ट, मुकेश सिंघल, दून वैली व्यापार मंडल के पंकज मेसोन, सुशील अग्रवाल, जावेद आलम, अमित पंत, दुर्गा भट्ट, अजय पैन्यूली, गिरीश पैन्यूली, नीता बहुगुणा, शशि पैन्यूली, नरेश कुमार, आदि सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

📌 यह भी पढ़ें: देश की प्रमुख खबरें

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

जनहित के कार्यों में तेजी लाने के लिए मेयर सौरभ थपलियाल ने ली यूपीसीएल, जल संस्थान,सिंचाई एवं अन्य विभागो की बैठक

शनि अक्टूबर 10 , 2026
नगर निगम की भूमि का सर्किल रेट में समावेश, किराया निर्धारण, लंबित बिलों के निस्तारण और मलिन बस्तियों में बिजली-पेयजल संयोजन पर हुई चर्चा देहरादून। आज नगर निगम कार्यालय में महापौर सौरभ थपलियाल की अध्यक्षता में यूपीसीएल, जल संस्थान, पेयजल एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share