न्यू कैंट रोड पर नाली एवं सड़क निर्माण कार्यों का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण
- बरसात से पहले जल निकासी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता न करने की हिदायत
Dehradun | June 20, 2026
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को देहरादून के न्यू कैंट रोड क्षेत्र में निर्माणाधीन नाली निर्माण कार्यों एवं प्रस्तावित सड़क निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मानसून को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था का सुदृढ़ होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाली निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए।
गणेश जोशी ने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और जनता की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज त्रिपाठी सहित विभागीय अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

