नंदप्रयाग में निर्माणाधीन तहसील भवन का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयसीमा पर दिया जोर
Chamoli | June 16, 2026
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने नंदप्रयाग में निर्माणाधीन तहसील भवन एवं आवासीय परिसर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों के पालन और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
लगभग 265.34 लाख रुपये की लागत से ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे जी+1 (भूतल एवं प्रथम तल) तहसील भवन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने विभिन्न कक्षों की उपयोगिता और कार्यात्मक आवश्यकताओं की समीक्षा की। उन्होंने भूतल पर प्रस्तावित नायब तहसीलदार कक्ष, तहसीलदार कक्ष, कोर्ट रूम, खतौनी कक्ष, आरके रूम, रिकॉर्ड रूम और लॉकर रूम का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार और व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।
वहीं प्रथम तल पर स्थित प्रशासनिक कक्ष, उपजिलाधिकारी कक्ष, पेशकार कक्ष, उपजिलाधिकारी न्यायालय और मीटिंग हॉल का भी निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील भवन में आने वाले आम नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्वच्छ एवं पर्याप्त शौचालय, बैठने की समुचित व्यवस्था और नागरिक-अनुकूल वातावरण विकसित करने पर जोर दिया।
डीएम ने भवन को दिव्यांगजन अनुकूल बनाने के लिए रैंप, सुगम पहुंच और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश भी दिए। रिकॉर्ड प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए स्टोर एवं रिकॉर्ड रूम को आवश्यकता के अनुरूप विकसित करने को कहा, ताकि अभिलेखों के सुरक्षित रखरखाव और व्यवस्थित रिकॉर्ड-कीपिंग में कोई समस्या न हो।
उन्होंने निर्माण कार्य के साथ-साथ भवन परिसर में लिफ्ट स्थापना का कार्य भी पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन तहसील आवासीय परिसर का भी जायजा लिया। लगभग 236.50 लाख रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस परिसर में चार टाइप-1, चार टाइप-2, एक टाइप-3 और एक टाइप-4 आवासीय क्वार्टर बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने और सभी आवासीय इकाइयों का निर्माण जनवरी तक पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

