अहमदाबाद में आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत को दिलाई बड़ी सफलता, एसजीआरआर विश्वविद्यालय का बढ़ाया मान
Dehradun | June 20, 2026
प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप-2026 में उत्तराखंड के युवा योगासन खिलाड़ी सुमीर ज्ञवाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। अहमदाबाद में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सुमीर ने भारतीय योगासन टीम का प्रतिनिधित्व किया।
पारंपरिक समूह प्रतियोगिता (Traditional Group Event) में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जिसमें सुमीर ज्ञवाली का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके साथ ही उन्होंने सीनियर-बी पुरुष वर्ग की ट्रेडिशनल योगासन स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक भी अपने नाम किया।
उत्तराखंड से एकमात्र खिलाड़ी थे सुमीर
विशेष उपलब्धि यह रही कि विश्व योगासन चैंपियनशिप के लिए चयनित भारतीय दल में उत्तराखंड से सुमीर ज्ञवाली एकमात्र खिलाड़ी थे। वर्तमान में वे श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ योगिक साइंस एंड नेचुरोपैथी में एमएससी योगिक साइंस एंड अल्टरनेटिव थेरेपीज के छात्र हैं।
प्रतियोगिता के दौरान सुमीर ने संतुलन, लचीलापन और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विश्वविद्यालय परिवार ने दी बधाई
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने सुमीर ज्ञवाली को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सुमीर की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह निरंतर अभ्यास, अनुशासन तथा समर्पण का परिणाम है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन सहित समस्त विश्वविद्यालय परिवार ने भी सुमीर की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
योग से बनता है स्वस्थ और सफल जीवन
विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ नहीं बनाता, बल्कि मन, विचार और व्यक्तित्व को भी मजबूत करता है। नियमित योगाभ्यास संतुलित और सफल जीवन का आधार है तथा सुमीर की उपलब्धि इसका उत्कृष्ट उदाहरण है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

