12-13 अक्टूबर को देहरादून आएगा निर्वाचन आयोग के उच्च अधिकारियों का दल

  • जिलाधिकारी ने निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा कर नोडल अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश
  • ईवीएम-वीवीपैट की उपलब्धता, मतदान केंद्रों की मैपिंग, सुरक्षा व्यवस्था और कार्मिकों के प्रशिक्षण पर रहेगा विशेष फोकस

देहरादून। भारत निर्वाचन आयोग के उच्च अधिकारियों का दल आगामी 12 एवं 13 अक्टूबर को देहरादून का भ्रमण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लेगा। भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को निर्वाचन से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में उपलब्ध सभी विभागों के कार्मिकों का अद्यतन डेटाबेस शीघ्र तैयार किया जाए। निर्वाचन के लिए वेयरहाउस में उपलब्ध ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की स्थिति का आकलन करते हुए अतिरिक्त मशीनों की आवश्यकता का विवरण भी तैयार किया जाए। उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील सहित सभी मतदान केंद्रों की मैपिंग का कार्य सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विधानसभा निर्वाचन से संबंधित टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक समितियों का गठन शीघ्र करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को उपलब्ध सुरक्षा बलों का विवरण तैयार करने के साथ ही निर्वाचन के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा बलों की आवश्यकता का आकलन कर मांग प्रस्तुत करने को कहा।
मतदान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रमों पर अभी से विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया जाए।
उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कार्मिकों के प्रशिक्षण, पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी, ईवीएम वेयरहाउस तथा मतगणना स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।
बैठक उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिला निर्वाचन अधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, सभी नोडल अधिकारी सहित वर्चुअल माध्यम से सभी उप जिलाधिकारी उपस्थित थे।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

हरिद्वार को मिली तीन महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

रवि अक्टूबर 4 , 2026
बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ का हरिद्वार तक विस्तार, हरिद्वार से वेरावल और ओखा के लिए नई एसी एक्सप्रेस देहरादून। उत्तराखण्ड में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share