दून में सेवा संकल्प अभियान का पुरकुल गांव से आगाज, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सुनी समस्याएं

बहुउद्देशीय शिविर में 200 से अधिक लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ, 28 से अधिक शिकायतें सुनीं

देहरादून । सेवा संकल्प अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देहरादून में अभियान की शुरुआत मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरकुल गांव स्थित दीपक पुंडीर सामुदायिक केंद्र में आयोजित विशाल बहुउद्देशीय जन शिविर से हुई। शिविर में 200 से अधिक लोगों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं, 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया।

बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान उन्होंने पांच महिलाओं को महालक्ष्मी किट, दो किशोरी किट तथा दो बेबी किट वितरित कीं।

📌 यह भी पढ़ें: देश की प्रमुख खबरें

कैबिनेट मंत्री ने शिविर में ग्रामीणों की 28 से अधिक समस्याएं स्वयं सुनीं और कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें बहुउद्देशीय जन शिविर, स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिविर में सहस्रधारा आपदा प्रभावित क्षेत्र से संबंधित क्षतिग्रस्त पुश्तों, सुरक्षा दीवार, आवासीय कटान और सिंचाई से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। खेरी मान सिंह मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण तथा पुरकुल गांव में यातायात सुविधा के लिए बस संचालन से संबंधित शिकायत भी दर्ज की गई। बस संचालन के मामले में आरटीओ के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर कृषि विभाग के सहयोग से उत्कृष्ट कार्य कर रहे सहसपुर विकासखंड के क्यारकुली भट्टा गांव स्थित श्रीहरि स्वयं सहायता समूह की सदस्य मीना कोटाल को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। उद्यान विभाग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच किसानों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास, कृषि, मत्स्य, स्वास्थ्य, उद्यान सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि देहरादून जनपद में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है। इसके तहत ‘सेवा सेतु’ अभियान के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक और तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुरकुल गांव में आयोजित शिविर इसी श्रृंखला की शुरुआत है।

इस अवसर पर राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी राहुल आनंद, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, किरण, मनोज छेत्री, लक्ष्मण सिंह रावत सुंदर सिंह कोठाल, किशन सिंह पुंडीर, सीमा पुंडीर, पार्षद कैप्टन सुख बहादुर गुरुग, बीजेपी नेता नेहा जोशी, पार्षद भूपेंद्र कठैत, सुरेंद्र राणा, कमल थापा, संजय नौटियाल, प्रमिला देवी, क्षेत्र के बीडीसी, ग्राम प्रधान, जनपद स्तरीय समस्त विभागों के अधिकारीगण और स्थानीय जनता उपस्थित रहे।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

आंगनबाड़ी कार्यकत्रि हैं विभाग की मजबूत रीढ़, विषम परिस्थितियों में करती हैं अपने दायित्वों का निर्वहन- रेखा आर्या

सोम सितम्बर 21 , 2026
“आंगन का मिलन” कार्यक्रम की सुमुचित व्यवस्थाए पहले से ली जाए पूर्ण ताकि कार्यक्रम में किसी प्रकार की ना हो अव्यवस्था- रेखा आर्या जनपद चमोली में 9 ब्लॉकों के 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया जाएगा “आंगन का मिलन” कार्यक्रम, लाभार्थियों को दी जाएगी योजनाओं की जानकारी कर्णप्रयाग: प्रदेश की महिला […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share