गणेश जोशी निरीक्षण में बरसात से पहले सुरक्षात्मक कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर
Dehradun | July 07, 2026
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के भंडार गांव और बिष्ट गांव का दौरा कर संवेदनशील क्षेत्रों में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
भंडार गांव में कैबिनेट मंत्री ने सड़क सुधारीकरण और पुश्ता निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने बिष्ट गांव में निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा दीवार और आवश्यक प्रोटेक्शन नेट का निर्माण गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि जनहित और लोगों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है, ताकि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, लक्ष्मण सिंह रावत, अनुराग, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

