40 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, एडुस्किल सॉल्यूशन और निवा बूपा इंश्योरेंस समेत कई कंपनियों ने लिए साक्षात्कार
देहरादून, 23 अक्टूबर। दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से देहरादून में एक दिवसीय दिव्यांग रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सेवा योजन कार्यालय परिसर में आयोजित इस मेले में 40 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया के दौरान 23 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 16 अभ्यर्थियों का वर्क फ्रॉम होम रोजगार के लिए चयन हुआ।
दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून ने अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से इस रोजगार मेले का आयोजन किया। इसमें प्रदेशभर से आए अभ्यर्थियों ने अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार दिए।
घर से काम करने का मिलेगा अवसर
दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून के उपनिदेशक डॉ. जैनेद्र कुमार ने बताया कि मेले का उद्देश्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कार्यकुशलता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेकर उनकी दक्षता का आकलन किया।
उन्होंने बताया कि वर्क फ्रॉम होम के लिए चयनित 16 अभ्यर्थियों को घर से काम करने का अवसर मिलेगा। इससे दिव्यांगजनों को रोजगार से जुड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांग अभ्यर्थियों को प्राथमिकता
रोजगार मेले में चलने-फिरने में कठिनाई का सामना करने वाले, श्रवण बाधित, कम दृष्टि तथा बौद्धिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को विशेष प्राथमिकता दी गई। आयोजन के दौरान कंपनियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और कार्यक्षमता के अनुरूप उपयुक्त पदों के लिए साक्षात्कार लिए।
कई कंपनियों ने लिया हिस्सा
मेले में एडुस्किल सॉल्यूशन, निवा बूपा इंश्योरेंस लिमिटेड और बीपीओ क्षेत्र की कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में चयन प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून के पुनर्वास अधिकारी संतोष कुमार सिंह, अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सोहनलाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रोजगार मेले के माध्यम से दिव्यांग अभ्यर्थियों को नौकरी के अवसरों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को उपयुक्त मंच उपलब्ध कराने की पहल की गई।






