कई दिनों से लापता किशोर का शव नदी से मिला

परिजनों का दावा- सिर पर चोट के निशान, हत्या की जताई आशंका
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। तीन दिन से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव शनिवार सुबह 10।30 बजे कल्याणी नदी से बरामद हुआ। परिजनों ने किशोर के सिर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रुद्रपुर के खेड़ा वार्ड-17 इलाके से 13 वर्षीय का किशोर 21 जुलाई को अचानक घर से लापता हो गया था। परिवार ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस भी किशोर की तलाश में जुटी रही, लेकिन कई दिनों तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार झील के समीप स्थित कल्याणी नदी में मछली पकड़ने पहुंचे कुछ लोगों की नजर नदी में उतराते किशोर के शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रम्पुरा चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। बाद में शव की पहचान लापता किशोर रिजवान के रूप में हुई।
शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, वे मौके पर पहुंचे और पहचान की पुष्टि की। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का आरोप है कि रिजवान के सिर पर चोट के निशान थे, जिससे उन्हें संदेह है कि उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है।
उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। यदि रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है तो उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में सीओ विभव सैनी ने बताया कि किशोर का शव कल्याणी नदी से बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की ओर से मिली तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोर की मौत हादसे में हुई या उसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

रामनगर में कैंटर की चपेट में आई बुजुर्ग, पैर पर चढ़े दोनों पहिये

शनि जुलाई 25 , 2026
Ramnagar, 25 july 2026 । तेलीपुरा रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां पैदल जा रही 56 वर्षीय महिला को एक कैंटर ट्रक ने टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कैंटर का दोनों टायर महिला के पैर के ऊपर से गुजर गया। जिससे वह […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share