34 उड़ानों को मंजूरी, नवी मुंबई-पिथौरागढ़ जुड़े; फेस स्कैन से आसान होगा सफर
Dehradun, 29 March: देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर आज से नया समर शेड्यूल लागू कर दिया गया है, जो 24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। इस शेड्यूल के तहत कुल 34 उड़ानों को संचालन की अनुमति दी गई है। साथ ही कई उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है और कुछ नए शहरों को भी सीधे हवाई सेवा से जोड़ा गया है।
नए समर शेड्यूल में इस बार भुवनेश्वर के लिए उड़ान शामिल नहीं है। हालांकि, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि देहरादून से नवी मुंबई और पिथौरागढ़ के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू की गई है। एयरपोर्ट से अब कुल 12 शहरों के लिए डायरेक्ट फ्लाइट उपलब्ध होंगी, जिनमें दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ शामिल हैं। कुछ उड़ानें आज से शुरू हो रही हैं, जबकि बाकी अलग-अलग तिथियों पर शुरू की जाएंगी।
देहरादून एयरपोर्ट पर शुरू हुई डिजी यात्रा सुविधा
देहरादून एयरपोर्ट पर आज से डिजी यात्रा सेवा का भी शुभारंभ किया गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से इस सुविधा की शुरुआत की। अब यात्रियों को एयरपोर्ट में प्रवेश के लिए केवल फेस स्कैन कराना होगा, जिससे वे बिना किसी दस्तावेज के सीधे अंदर जा सकेंगे।
यह सुविधा अब तक केवल बड़े एयरपोर्ट्स पर उपलब्ध थी, लेकिन अब देहरादून में भी इसे लागू कर दिया गया है। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से मंजूरी मिलने के बाद इस आधुनिक सुविधा की शुरुआत की गई है।
डिजी यात्रा के जरिए यात्रियों को लंबी कतारों से छुटकारा मिलेगा और चेक-इन तथा बोर्डिंग प्रक्रिया तेज हो जाएगी। एआई आधारित फेस रिकग्निशन तकनीक से यात्रियों की पहचान की जाएगी और गेट अपने आप खुल जाएंगे।
कैसे करें डिजी यात्रा का उपयोग?
डिजी यात्रा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को अपने स्मार्टफोन में ‘Digi Yatra’ ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आधार कार्ड और मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करना होगा। फिर फ्लाइट डिटेल, टिकट और फोटो अपलोड करनी होगी।
एयरपोर्ट पर लगे स्मार्ट कैमरे ऐप में दर्ज जानकारी से चेहरे का मिलान करेंगे और सफल पहचान के बाद गेट खुल जाएगा। खास बात यह है कि यात्रियों का डेटा यात्रा पूरी होने के 24 घंटे बाद स्वतः डिलीट हो जाता है।
यात्रियों के लिए नई सुविधाएं
एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फ्री वाई-फाई, बुक रीडिंग एरिया और बच्चों के लिए किड्स जोन की सुविधा भी शुरू की गई है। किड्स जोन में बच्चों के लिए खेल और खिलौनों की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रा का अनुभव और बेहतर हो सके।
देहरादून-नवी मुंबई के बीच पहली सीधी उड़ान
आज से देहरादून और नवी मुंबई के बीच पहली बार सीधी उड़ान सेवा शुरू हो गई है। यह उड़ान इंडिगो एयरलाइंस द्वारा संचालित की जा रही है। नवी मुंबई से पहली फ्लाइट शाम 5:35 बजे देहरादून पहुंचेगी।
चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए इस नए रूट को शुरू किया गया है, जिससे यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.
