मुख्यमंत्री धामी ने सरदार पटेल जयंती पर यूनिटी मार्च वॉकथॉन का किया शुभारंभ
Dehradun, 31 October: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर घंटाघर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और ‘एकता पदयात्रा (यूनिटी मार्च वॉकथॉन)’ का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वयं पदयात्रा में हिस्सा लेते हुए लोगों को स्वदेशी अपनाने और नशा मुक्त उत्तराखंड का संकल्प दिलाया।
एकता, स्वदेशी और नशा मुक्त उत्तराखंड का दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्र समर्पण की भावना के कारण ही आज भारत एक सशक्त और एकीकृत राष्ट्र के रूप में खड़ा है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 560 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया, जो हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में सरदार पटेल जयंती को ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाने के निर्णय को उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि बताया। उन्होंने कहा कि राज्यभर में 16 नवंबर तक प्रत्येक जिले के तीन स्थानों पर वॉकथॉन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्येक आयोजन स्थल पर 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्रा के साथ “नशा मुक्त भारत”, “एक पेड़ मां के नाम” और “आत्मनिर्भर भारत” जैसे जनजागरूकता अभियानों को जोड़ा गया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश फैलाया जा सके।
Also Read: CBSE की 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 की डेट शीट जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वॉकथॉन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि भारत की विविधता में एकता की भावना को सशक्त करने का प्रतीक है। इससे युवाओं में राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और सेवा भाव को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का लक्ष्य राज्य सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए निरंतर कार्य जारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे एकजुट होकर इस संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, रेखा आर्या, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, सविता कपूर, जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

