दून पुलिस ने बुजुर्गों संग मनाई दीपावली, अकेलेपन में जगाई खुशियों की रोशनी
Dehradun, 21 October: दीपावली की जगमगाहट में जब पूरा शहर रोशनी से नहा रहा था, वहीं दून पुलिस ने इस उजाले की एक किरण उन बुजुर्गों के जीवन में भी पहुंचाई जो त्योहार अकेले मना रहे थे। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिसकर्मियों ने सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर वरिष्ठ नागरिकों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों के घर जाकर उनसे स्नेहपूर्वक मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उन्हें फल व मिष्ठान भेंट किए। दीप जलाने और शुभकामनाएं देने के इस भावनात्मक क्षण में कई बुजुर्गों की आंखें नम हो उठीं। उन्होंने कहा कि इस बार की दीपावली ने उन्हें “परिवार” का एहसास कराया।

एसएसपी देहरादून ने बताया कि त्योहारों के दौरान कई वरिष्ठ नागरिक अकेलेपन का सामना करते हैं। ऐसे में दून पुलिस केवल उनकी सुरक्षा ही नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव और सामाजिक संवेदना की जिम्मेदारी भी निभा रही है। इसी पहल के तहत सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से नियमित संपर्क बनाए रखें और उनके सुख-दुख में सहभागी बनें।
पुलिस की इस संवेदनशील पहल ने न केवल बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई, बल्कि समाज में “संवेदनशील और मानवीय पुलिस” की छवि को भी और मजबूत किया।

