हमारा उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना: महाराज

श्रम विभाग द्वारा बीरोंखाल ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित शिविर में सैकड़ों श्रमिकों ने किया प्रतिभाग
बीरोंखाल (पौड़ी गढ़वाल)। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने अपने क्षेत्र भ्रमण के तीसरे दिन मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल के ब्लॉक सभागार में श्रम विभाग द्वारा आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। शिविर में क्षेत्रीय जनता के साथ साथ बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने बीरोंखाल के ब्लॉक सभागार में आयोजित श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर में उपस्थित श्रमिक भाई-बहनों और स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका सर्वोपरि है। चाहे दुर्गम पहाड़ों में सड़क निर्माण हो, भवन निर्माण हो, या निर्माण से संबंधित अन्य कोई श्रम साध्य कार्य हो श्रमिकों के अथक परिश्रम के बिना संभव नहीं हो सकते। हमारे श्रमिक भाई-बहन प्रदेश और देश के विकास की नींव के पत्थर हैं।
कैबिनेट मंत्री महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास की अविरल धारा बह रही है। सरकार का ध्येय केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक उन योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। श्रम विभाग द्वारा ब्लॉक स्तर पर आयोजित किये जा रहे शिविर इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं, जहाँ जनता की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का सम्मान, उनकी सुरक्षा और उनका कल्याण हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महाराज ने इस मौके पर मौजूद श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक श्रमिक को पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया की पूरी जानकारी सरल और स्थानीय भाषा में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र श्रमिक को अनावश्यक परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत संचालित कल्याणकारी योजनाओं जैसे-पुत्री विवाह अनुदान, पुत्र-पुत्री की शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, मातृत्व लाभ, औजार सहायता और दुर्घटना की स्थिति में सहायता राशि आदि का लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक को समयबद्ध रूप से मिलना चाहिए।
महाराज ने सभी श्रमिकों से आह्वान किया कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, अपने श्रम कार्ड का समय पर नवीनीकरण कराएं और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के प्रति जागरूक रहें। उन्होंने सभी श्रमिकों के परिश्रम को नमन करते हुए कहा, “आपका श्रम ही हमारे प्रदेश की प्रगति की आधारशिला है। आपकी खुशहाली और समृद्धि के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।” इस अवसर पर महाराज ने लघु सिंचाई विभाग द्वारा जिला योजना के अंतर्गत 04 लाख की धनराशि से बडियान में मां भगवती मंदिर के स्थलीय विकास निर्माण का भी शिलान्यास करने के साथ-साथ भाजपा संगठन को सशक्त बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी के साथ विस्तृत चर्चा भी की। इस दौरान एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीडीओ सुदर्शन वडोला, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत, मण्डल अध्यक्ष ओमपाल, समाज क‌ल्याण बोर्ड के सदस्य प्रेमसिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शान्ति देवी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रिगोड़ा, पूर्व मण्डल अध्यक्ष यशपाल गोरला, बीकेटीसी की सदस्य नीलमपुरी, जिला उपाध्यक्ष मैत्री प्रकाश, अध्यक्ष महिला मोर्चा नीलम रावत, अध्यक्ष युवा मोर्चा नागेन्द्र, अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा चनीलाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरिता, सूबेदार मनवर सिंह, संग्राम सिंह सहित अनेक प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

कुंभ मेला 2027 के लिए उत्तराखंड को अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित

मंगल सितम्बर 8 , 2026
हरिद्वार । हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 को देखते हुए भारत सरकार ने उत्तराखंड के लिए अतिरिक्त गेहूं और चावल का आवंटन किया है। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से जारी पत्र के अनुसार राज्य को 3,051.079 मीट्रिक टन गेहूं तथा 4,978.073 मीट्रिक टन […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share