देहरादून में दर्दनाक हादसा, आरोपी चालक गिरफ्तार
Dehradun, 19 October: राजधानी में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जब चेकिंग ड्यूटी पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार थार ने बेरहमी से कुचल दिया। रात की खामोशी को चीरते हुए हुई इस दुर्घटना ने पुलिस महकमे से लेकर आम लोगों तक को झकझोर दिया। हादसा सुबह करीब 3:45 बजे आराघर टी-जंक्शन पर हुआ, जब सिपाही सुगनपाल, सचिन और कमला प्रसाद वाहनों की नियमित जांच कर रहे थे।
इसी दौरान एक काली थार को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी और तीनों पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर आरोपी चालक मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर, निवासी ईसी रोड डालनवाला, को दबोच लिया। वाहन को सीज कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घायल पुलिसकर्मियों को पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में सिनर्जी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को फिलहाल स्थिर बताया है।
एसएसपी अजय सिंह ने सिनर्जी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कानून व्यवस्था को चुनौती है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

