उत्तराखंड आपदा पर PM Modi का हवाई सर्वे, जॉलीग्रांट में करेंगे उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
Dehradun, 11 September: उत्तराखंड की हालिया आपदा ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से पहाड़ों में तबाही का मंजर साफ दिखाई दे रहा है और जनजीवन अब भी संकट से जूझ रहा है। ऐसे हालात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्य का दौरा कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को आपदा राहत और पुनर्वास कार्यों की दिशा तय करने में बेहद अहम माना जा रहा है।
दोपहर बाद 4:15 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे PM Modi
जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर बाद 4:15 बजे देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहीं से हेलीकॉप्टर के जरिए आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। सर्वेक्षण के बाद PM Modi एयरपोर्ट लौटकर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में आपदा से प्रदेश को हुए भारी आर्थिक नुकसान, राहत व पुनर्वास कार्यों की गति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। अधिकारियों से रिपोर्ट लेने के साथ प्रधानमंत्री राहत कार्यों को तेज और प्रभावी बनाने के लिए दिशा-निर्देश भी देंगे।
इधर, मुख्यमंत्री धामी ने बुधवार को जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देर शाम जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
PM मोदी करेंगे उत्तराखंड दौरा: 11 सितंबर को आपदा प्रभावित क्षेत्र का लेंगे जायज़ा

