दून विश्वविद्यालय में ‘बर्ड्स ऑफ़ उत्तराखंड’ फोटो प्रदर्शनी का आकर्षक आयोजन
वन्यजीव सौंदर्य और संरक्षण जागरूकता पर खास फोकस
Dehradun, 27 November: दून विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ़ मीडिया एंड कम्युनिकेशन स्टडीज़ द्वारा बुधवार को वरिष्ठ वाइल्डलाइफ़ फोटोग्राफर राजू पुशोला के सहयोग से ‘बर्ड्स ऑफ़ उत्तराखंड’ विषय पर भव्य फोटो प्रदर्शनी, बर्ड वॉचिंग और फोटो वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की विविध पक्षी प्रजातियों को खूबसूरत फ़ोटोग्राफ़्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
सुबह की शुरुआत पुशोला की अगुवाई में विश्वविद्यालय परिसर के प्राकृतिक आवास में आयोजित बर्ड वॉचिंग और फोटो वॉक से हुई। ग्रेटर कोकल, व्हाइट थ्रोटेड फैंटेल, रेड-ब्रेस्टेड फ़्लाईकैचर, हिमालयन बुलबुल, ग्रे वैगटेल, क्रिमसन सनबर्ड, हेयर-क्रेस्टेड ड्रांगो सहित दो दर्जन से अधिक पक्षी प्रजातियों की पहचान की गई। इस दौरान वरिष्ठ फोटोग्राफर एवं रंगकर्मी कैलाश कंडवाल तथा पर्यावरण शोधकर्ता सनी जोशी भी साथ रहे।

इसके बाद एकेडमिक ब्लॉक की लाइब्रेरी बिल्डिंग में फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री दुर्गेश डिमरी ने किया। प्रदर्शनी में राजू पुशोला द्वारा उत्तराखंड की पक्षी प्रजातियों पर किए गए दीर्घ अध्ययन और उत्कृष्ट फोटोग्राफी को विस्तार से प्रदर्शित किया गया।
पुशोला ने छात्रों को बर्ड वॉचिंग, वाइल्डलाइफ़ फोटोग्राफी के तकनीकी पहलुओं तथा उत्तराखंड में पाई जाने वाली 721 पक्षी प्रजातियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में राज्य की प्रमुख और विशिष्ट पक्षी प्रजातियों को शामिल किया गया है।
स्कूल के डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार ने पुशोला का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संयोजन असिस्टेंट प्रोफेसर आबशार अब्बासी ने किया।
इस अवसर पर डा. उदिता नेगी, डा. रमा बोरा, डा. हिमानी शर्मा, डा. चारू द्विवेदी, डा. नितिन कुमार, जूही प्रसाद, अदिति मेहरोत्रा सहित कई छात्र–छात्राएँ—श्रुति, शिवांश, सार्थक, दक्ष, बलराम, अक्षित आदि उपस्थित रहे।

