अप्रैल से शुरू होगी चारधाम यात्रा, तैयारियां तेज
केदारनाथ 22 अप्रैल, बदरीनाथ 23 अप्रैल और यमुनोत्री 19 अप्रैल को खुलेंगे कपाट
Dehradun, 17 March: उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इस वर्ष यात्रा का शुभारंभ अप्रैल माह में होगा, जिसके तहत यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) को, केदारनाथ धाम के 22 अप्रैल और बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में धामों के पुनर्निर्माण और सुविधाओं को बेहतर बनाने का कार्य जारी है।

यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। 6 मार्च से 16 मार्च के बीच दो सप्ताह में ही 6.17 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जिनमें केदारनाथ के लिए सबसे अधिक पंजीकरण हुए हैं।
बीकेटीसी ने यात्रा वर्ष 2026-27 के लिए 121 करोड़ रुपये से अधिक का बजट पारित किया है। इसमें बदरीनाथ धाम के लिए करीब 57 करोड़ और केदारनाथ धाम के लिए लगभग 63 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
धामों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, बिजली, स्वच्छता, आवास और ट्रांजिट कैंप जैसी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। साथ ही यात्रा के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए कुछ क्षेत्रों में मोबाइल, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर प्रतिबंध लगाने पर भी विचार किया गया है।
इसके अलावा, तीर्थ पुरोहितों के हित में ‘तीर्थ पुरोहित कल्याण कोष’ बनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया है।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.
