राज्यमंत्री प्रताप पंवार ने किया कोरोनेशन अस्पताल का निरीक्षण, मरीजों से जानी स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत
देहरादून | 8 सितंबर, 2026
उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री प्रताप पंवार ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन, देहरादून का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से मुलाकात कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
मरीजों और तीमारदारों ने राज्यमंत्री को बताया कि अस्पताल में उन्हें समय पर आवश्यक दवाइयां और इंजेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मरीजों ने यह भी कहा कि चिकित्सकों द्वारा बाहर से दवाइयां नहीं लिखी जा रही हैं। इस दौरान मरीजों ने अस्पताल प्रशासन, डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों के कार्यों की सराहना भी की।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने मेडिसिन वार्ड, बर्न वार्ड, सर्जिकल वार्ड और पैथोलॉजी विभाग समेत अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण अनुभागों का जायजा लिया। निरीक्षण में अस्पताल की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई और सभी कार्मिक निर्धारित वेशभूषा में अपने-अपने कक्षों में उपस्थित मिले।
राज्यमंत्री ने अस्पताल में सुव्यवस्थित प्रबंधन, स्वच्छता और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रमुख अधीक्षक डॉ. यतेंद्र सिंह और उनकी टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख अधीक्षक डॉ. यतेंद्र सिंह, पीआरओ प्रमोद पंवार, सहायक नर्सिंग अधीक्षिका सुशीला पंवार, ज्योति खन्ना समेत अन्य चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे।






