सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘एकता मार्च’ का आह्वान: युवाओं और महिलाओं की होगी विशेष भागीदारी
Khatima, 25 October: देश की एकता और अखंडता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को उत्तराखंड ऐतिहासिक रूप से मनाने की तैयारी में जुट गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि हर नागरिक के भीतर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना जगाने का अभियान है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि एकता मार्च, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जनभागीदारी के माध्यम से सरदार पटेल के विचारों को घर-घर तक पहुँचाया जाए।
चलाए जाएंगे जनजागरुकता कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता का संदेश घर-घर तक पहुँचाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों और महाविद्यालयों में सांस्कृतिक व जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। इसके साथ ही इस अभियान में युवाओं, महिलाओं, स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और कौशल से देश की विभिन्न रियासतों को जोड़कर एक भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता, अखंडता और शक्ति का प्रतीक है। नई पीढ़ी को उनके विचारों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
Also Read: 1 नवंबर से बदलेंगे बैंकिंग नियम
भारत की एकता और गौरव का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल के सपनों को आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के विजन के तहत देश को हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा गुजरात के केवडिया में निर्मित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’, जो विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा है, भारत की एकता और गौरव का प्रतीक है।
विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन
बैठक में बताया गया कि इस अभियान के तहत राज्य के नागरिक ‘माई भारत पोर्टल’ पर अपना पंजीकरण करा रहे हैं। इसके अंतर्गत सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन, क्विज और यंग लीडर्स जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
निकाला जाएगा एकता मार्च
राज्य के 13 जिलों में 31 अक्तूबर से 16 नवम्बर के बीच एकता मार्च आयोजित किया जाएगा, जो तीन दिनों तक चलेगा और इसके अंतर्गत 8 से 10 किलोमीटर की पैदल यात्रा होगी, जिसमें कोई भी नागरिक भाग ले सकता है।
राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवम्बर से
इसके अलावा राष्ट्रीय पदयात्रा 26 नवम्बर से 6 दिसम्बर तक करमसद (सरदार पटेल का जन्मस्थान) से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया (152 किमी) तक आयोजित की जाएगी। इस यात्रा में प्रत्येक जिले से दो युवा प्रतिभाग करेंगे, जिनका चयन माई भारत पोर्टल से किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा उपस्थित रहे। वर्चुअल माध्यम से विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी सहित सभी जिलाधिकारी भी जुड़े रहे।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

