धामी ने खटीमा में 215 फीट ऊंचा तिरंगा फहराकर रचा इतिहास
Khatima, 17 October: खटीमा की शुक्रवार की सुबह गर्व और गौरव से भर उठी, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने गृह जनपद की मिट्टी पर उत्तराखंड का सबसे ऊंचा 215 फीट ऊंचा तिरंगा फहराकर नया इतिहास रचा।

ध्वजारोहण के साथ हुआ लोकार्पण
कंजाबाग तिराहे पर स्थापित यह विशाल तिरंगा न केवल खटीमा की पहचान बनेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, एकता और समर्पण की भावना से प्रेरित करेगा।47.42 लाख रुपये की लागत से लघु सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ का लोकार्पण मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना और ध्वजारोहण के साथ किया। ध्वज फहराते ही पूरा परिसर वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा।
“यह तिरंगा केवल कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और शौर्य का प्रतीक है। खटीमा की धरती से फहरता यह ध्वज युवाओं को सदैव याद दिलाएगा कि हम सब एक हैं और भारत के गौरव को ऊंचा उठाने के लिए समर्पित हैं।”
— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
सिंचाई तकनीक की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) योजना के तहत लघु सिंचाई विभाग की ओर से सौर ऊर्जा प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें किसानों और स्थानीय नागरिकों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई तकनीक और योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

