Doon Police ने 53 लाख के 228 फोन किए रिकवर
Doon Police ने असली मालिकों तक पहुंचाए मोबाइल
Dehradun, 13 September: आज के समय में मोबाइल फोन सिर्फ एक गैजेट नहीं, बल्कि हमारी ज़िंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। किसी का मोबाइल खो जाए तो ऐसा लगता है मानो जिंदगी का एक जरूरी हिस्सा ही गायब हो गया हो। संपर्क, यादें, कामकाज बिना फोन के सब पर असर पड़ता है। ऐसे में देहरादून पुलिस की साइबर सेल ने उन लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटा दी है, जिनके मोबाइल फोन चोरी या गुम हो गए थे। एक विशेष अभियान के तहत Doon Police ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 53 लाख से ज्यादा कीमत के 228 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए।
53 लाख 53 हजार से अधिक के फोन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून अजय सिंह ने बताया कि जनपद में मोबाइल गुम होने या चोरी होने की बढ़ती घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को राहत देने के लिए साइबर क्राइम सेल को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए थे। उन्हीं निर्देशों के क्रम में टीम ने कड़ी मेहनत और तकनीकी निगरानी (सर्विलांस) के माध्यम से न केवल उत्तराखंड बल्कि अन्य राज्यों से भी गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस किए और उन्हें बरामद कर स्वामियों तक पहुंचाया। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 53 लाख 53 हजार से अधिक आंकी गई है। अपने खोए हुए मोबाइल फोन को वापस पाकर स्वामियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने Doon Police (दून पुलिस) की इस पहल की खुलकर सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता के चलते उन्हें अपनी कीमती संपत्ति वापस मिल पाई।
साइबर सेल की इस उपलब्धि के पीछे सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ साइबर अंकुश मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक स्पेशल ऑपरेशन्स अंकित कंडारी, निरीक्षक गिरीश चंद्र शर्मा (प्रभारी साइबर क्राइम सेल) सहित टीम के अन्य पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही एसओजी और थानों में तैनात कर्मियों ने भी CEIR पोर्टल पर प्राप्त सूचनाओं पर तेजी से कार्रवाई करते हुए इस अभियान को सफल बनाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे लालच में आकर किसी भी अज्ञात व्यक्ति से सस्ते दामों पर मोबाइल फोन न खरीदें। बिना वैध बिल और पहचान पत्र के मोबाइल खरीदना न केवल कानूनन गलत है बल्कि इससे आप भी अपराध की कड़ी में शामिल हो सकते हैं।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

