नरेंद्र मोदी 12 वर्ष: गणेश जोशी ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां, कहा- यह विकास का स्वर्णिम अध्याय

नरेंद्र मोदी 12 वर्ष: गणेश जोशी ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां, कहा- यह विकास का स्वर्णिम अध्याय

रुद्रप्रयाग में पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री ने पीएम मोदी को दी बधाई, जनकल्याणकारी योजनाओं और उत्तराखंड विकास कार्यों का किया उल्लेख

Rudraprayag, 12 June 2026: प्रदेश के कृषि एवं उद्यान मंत्री और जनपद रुद्रप्रयाग के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा को देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

रूद्रप्रयाग के बीजेपी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया, वर्ष 2019 में पहले से अधिक बहुमत देकर उस भरोसे को मजबूत किया और वर्ष 2024 में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर यह स्पष्ट कर दिया कि देश अब वादों नहीं बल्कि विकास और सुशासन की राजनीति पर विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि आज एनडीए देश के 22 राज्यों में जनता की सेवा कर रहा है।

📌 यह भी पढ़ें: देश की प्रमुख खबरें

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तीसरी बार शपथ लेने के बाद सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कर यह संदेश दिया कि सरकार की प्राथमिकता किसान, गरीब, युवा और महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को जनआंदोलन का रूप दिया है, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

मंत्री जोशी ने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया गया है। इस व्यवस्था से लाखों फर्जी लाभार्थियों को हटाते हुए लगभग 4.31 लाख करोड़ रुपये की राशि गलत हाथों में जाने से बचाई गई है।

उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे गए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से 7 करोड़ से अधिक किसानों को लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का सस्ता ऋण उपलब्ध कराया गया है। जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 81 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 58 करोड़ से अधिक नागरिक लाभान्वित हुए हैं।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई है।

जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से 74 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को ऋण उपलब्ध कराया गया है। मुद्रा योजना के अंतर्गत 57 करोड़ से अधिक गारंटी मुक्त ऋण वितरित किए गए हैं। वहीं पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से 30 लाख से अधिक कारीगरों और शिल्पकारों को लाभ मिला है।

मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा मजबूत हुई है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाइयों ने दुनिया को भारत की नई ताकत का परिचय कराया है। नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और देश तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से यात्रा समय में भारी कमी आई है।

प्रधानमंत्री के विशेष प्रयासों से ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से पूर्णता की ओर अग्रसर है, जबकि टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन परियोजना को भी केंद्र सरकार की मंजूरी मिल चुकी है। राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में उत्तराखंड में हवाई सेवाओं का भी तेजी से विस्तार हुआ है। जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ हवाई अड्डों का विस्तार किया गया है। उड़ान योजना के तहत प्रदेश में 18 हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से 12 पर सेवाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। वर्ष 2022 तक जहां राज्य में केवल दो हेलीपोर्ट थे, वहीं आज उनकी संख्या सात हो चुकी है। हेलीपैड की संख्या भी बढ़कर 118 तक पहुंच गई है। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भरता, सुशासन, गरीब कल्याण, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और तीव्र विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सूक्ष्म बैठक कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का आव्हान भी किया।

इससे पहले काबीना मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, उपाध्यक्ष सीमांत क्षेत्र अनुश्रवण परिषद् चंडी प्रसाद भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत, दायित्वधारी ऐश्वर्या रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष महावीर सिंह पंवार, सदस्य जिला पंचायत गंभीर सिंह सहित अन्य पार्टी कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

मोदी सरकार ने बदली राजनीति की रीति नीति : रेखा आर्या

Fri Jun 12 , 2026
पिथौरागढ़ में रेखा आर्या ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां, नई सड़क का किया शिलान्यास खिलाड़ियों को दिया आगे बढ़ने का मंत्र, स्वच्छता अभियान में भी किया श्रमदान Pithoragarh, 12 June 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को […]
रेखा आर्या ने पिथौरागढ़ में गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां, सड़क निर्माण का किया शिलान्यास

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share