एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने किया दून मेडिकल कॉलेज का घेराव, पीजी डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग
Dehradun, 15 October: डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में बुधवार दोपहर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने हाल ही में हॉस्टल में हुई पीजी डॉक्टरों की लेट नाइट पार्टी के विरोध में ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की।
अनुशासनहीन व्यवहार निंदनीय
कार्यकर्ताओं ने कहा कि देर रात आयोजित पार्टी में तेज संगीत, शराब और महिलाओं की मौजूदगी जैसे अनुचित तत्व शामिल थे, जो चिकित्सा पेशे की गरिमा के खिलाफ हैं। ज्ञापन में कहा गया कि डॉक्टर समाज में भगवान समान माने जाते हैं, ऐसे में उनका गैर जिम्मेदाराना और अनुशासनहीन व्यवहार निंदनीय है।

हॉस्टल परिसर में सीसीटीवी लगाने की मांग की
सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि पार्टी में शामिल डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय प्राचार्य ने गार्ड कमांडर और सुरक्षा कर्मियों को ड्यूटी से हटाकर अन्याय किया है। उन्होंने मांग की कि इन कर्मचारियों को तत्काल बहाल किया जाए, हॉस्टल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और स्पष्ट नियमावली बनाई जाए।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
अग्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो एनएसयूआई उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान महानगर अध्यक्ष हिमांशु रावत ने कहा कि चिकित्सा विभाग अत्यंत गंभीर क्षेत्र है और इस तरह का आचरण पूरी तरह अस्वीकार्य है। यदि भविष्य में ऐसी कोई घटना दोहराई गई, तो एनएसयूआई प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी और प्राचार्य के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
इस मौके पर प्रदेश सचिव अर्पित राठी, जिला उपाध्यक्ष आकाश वर्मा, नितिन नेगी, कबीर मलिक, सहित सौरभ सेमवाल, मयंक रावत, दक्ष रावत, आर्यन भंडारी, आकाश अवस्थी, सिद्धार्थ शर्मा, अनुज डोभाल, भूमिका रौतेला, आशीष राणा, मनीष चौहान, नवीन चौहान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

