प्रधानमंत्री मोदी की परियोजनाओं की समीक्षा में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने 40 विकास कार्यों की प्रगति परखी, समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए
Dehradun | June 30, 2026
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शिलान्यास की गई विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में राज्यभर में संचालित 40 परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया और संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने सभी विभागीय सचिवों से कहा कि परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर पोर्टल पर अपलोड की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक परियोजना के अपडेट के साथ संभावित पूर्णता तिथि भी दर्ज की जाए, ताकि कार्यों की प्रभावी निगरानी की जा सके।
उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को वर्ष के अंत तक पूरा किया जाना है, उनकी मानसून के दौरान भी लगातार मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी प्रकार की देरी न होने दी जाए।
पर्यटन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने महासू देवता हनोल में बुनियादी ढांचा विकास और जागेश्वर धाम मंदिर से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं शहरी विकास विभाग को देहरादून में जलापूर्ति, सीवरेज और जल निकासी प्रणाली से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें शीघ्र पूरा करने को कहा।
ऊर्जा विभाग को लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना (300 मेगावाट), 220 केवी बनबसा सबस्टेशन, 400 केवी पिपलकोटी स्विचिंग सबस्टेशन तथा 220 केवी घनसाली सबस्टेशन सहित विभिन्न ऊर्जा परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने वन स्वीकृति और भूमि हस्तांतरण जैसे मामलों की लगातार समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्य आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने उन परियोजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए जिनका कार्य अंतिम चरण में है। इनमें 73 पेयजल आपूर्ति परियोजनाएं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत 133 सड़कें और 151 पुलों का निर्माण तथा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत उधम सिंह नगर में नदी पुनर्जीवन कार्य शामिल हैं।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनाई, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

