छात्रसंघ चुनावी कॉलेज रैली में 24 वाहनों के चालान
Dehradun, 26 September: छात्रसंघ चुनाव का माहौल गर्म है और कॉलेज कैंपस से लेकर शहर की सड़कों तक छात्र राजनीति का जोश दिख रहा है। इसी बीच डीएवी कॉलेज डालनवाला में निकली छात्र संगठनों की रैलियों के दौरान पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सख्ती दिखाई। ट्रैफिक और सीपीयू पुलिस ने रैली पर सीसीटीवी से नजर रखी और नियम तोड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 वाहनों के चालान काट डाले।
भविष्य में ऐसी गलती न करने की चेतावनी

सबसे ज्यादा पकड़ बिना हेलमेट दौड़ते 15 बाइक सवारों की हुई। इसके अलावा पांच ट्रिपल राइडिंग करने वालों, दो रैश ड्राइविंग करने वालों और दो रेट्रो साइलेंसर से शोर मचाने वाले युवकों पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके पर इन सभी को चालान थमाते हुए यातायात नियमों की जानकारी दी और भविष्य में ऐसी गलती न करने की चेतावनी दी।
Also Read: No Helmet-No Petrol
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतंत्र का हिस्सा हैं और छात्रों को अपनी बात रखने का पूरा हक है, लेकिन यह अधिकार सड़क पर अराजकता फैलाने का लाइसेंस नहीं है। “छात्र राजनीति जरूर करें, लेकिन यातायात नियमों का उल्लंघन कर दूसरों की जान खतरे में न डालें,” पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया।
सीसीटीवी से निगरानी
रैली में मौजूद अन्य छात्रों को भी पुलिस ने मौके पर रोककर सड़क सुरक्षा के नियम समझाए और हेलमेट पहनने व ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की नसीहत दी। पुलिस का कहना है कि चुनावी माहौल में भी शहर की यातायात व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी। सीपीयू की टीमें लगातार कॉलेजों के आसपास गश्त कर रही हैं और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस मुस्तैदी की सराहना की। उनका कहना है कि अक्सर छात्र रैलियों के दौरान लापरवाही से ड्राइविंग करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस की सख्ती से ऐसे हादसों पर अंकुश लगेगा।
छात्रसंघ चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में पुलिस ने साफ कर दिया है कि आंदोलन और रैली शांतिपूर्ण हो सकती हैं, लेकिन नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई सख्त और लगातार जारी रहेगी।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

