चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
चमोली नंदानगर विकासखंड के रामणी गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के मेला मंच के पीछे रेलिंग से एक युवक और युवती के शव फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही नंदानगर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान रिया पुत्री सूरज लाल और सुनील पुत्र कुंवर लाल के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार को कुछ ग्रामीण छानी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रामलीला मंच के पीछे रेलिंग से दोनों को फंदे पर लटका देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना ग्राम प्रधान और समीप की दुकान के संचालक को दी। ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने मौके पर पहुंचकर पुलिस और प्रशासन को घटना की जानकारी दी।
ग्राम प्रधान के मुताबिक मेला मंच गांव से कुछ दूरी पर स्थित है और इसके समीप जूनियर हाईस्कूल भी है। रातभर बारिश होने के कारण घटना की जानकारी ग्रामीणों को सुबह हो पाई।
प्रारंभिक जानकारी में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। रिया कक्षा 11 और सुनील कक्षा 12 में राजकीय इंटर कॉलेज बूरा में अध्ययनरत बताए गए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी घटना के कारणों की पुष्टि नहीं की है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है तथा पोस्टमार्टम और अन्य कार्रवाई के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
चमोली नंदानगर के रामणी गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पीछे रेलिंग से एक युवक और युवती के शव फंदे पर लटके मिले







