बेंगलुरु बना भारत की चॉकलेट राजधानी, डार्क और शुगर-फ्री चॉकलेट की बढ़ती मांग ने बदली उपभोक्ताओं की पसंद
New Delhi | July 07, 2026
भारत में चॉकलेट अब केवल त्योहारों या खास मौकों तक सीमित नहीं रही, बल्कि रोजमर्रा की खरीदारी का अहम हिस्सा बन चुकी है। विश्व चॉकलेट दिवस से पहले इंस्टामार्ट द्वारा जारी ऑर्डर ट्रेंड्स में कई दिलचस्प खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वायरल दुबई चॉकलेट के ऑर्डर में पिछले वर्ष की तुलना में 11,739 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि डार्क और शुगर-फ्री चॉकलेट की मांग भी तेजी से बढ़ रही है।
रिपोर्ट बताती है कि भारत में अब भी मिल्क चॉकलेट सबसे ज्यादा पसंद की जाती है। हर 10 में से 4 ऑर्डर मिल्क चॉकलेट के होते हैं, जबकि वेफर बार, फ्रूट एंड नट, कैरेमल और हेज़लनट फ्लेवर भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।
दुबई चॉकलेट बना सबसे बड़ा वायरल ट्रेंड
इंटरनेट पर लोकप्रिय पिस्ता-भरी दुबई चॉकलेट ने भारतीय ग्राहकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की है। इंस्टामार्ट के अनुसार इसके ऑर्डर में 11,739% की वृद्धि दर्ज की गई, जो इसे देश का सबसे तेजी से बढ़ता चॉकलेट ट्रेंड बनाती है।
डार्क और शुगर-फ्री चॉकलेट की बढ़ी मांग
रिपोर्ट के अनुसार उपभोक्ताओं की पसंद अब हेल्दी विकल्पों की ओर भी बढ़ रही है। डार्क चॉकलेट की मांग में करीब 50% और शुगर-फ्री चॉकलेट के ऑर्डर में 85% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं प्रोटीन चॉकलेट भी तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
बेंगलुरु बना भारत की चॉकलेट राजधानी
चॉकलेट ऑर्डर के मामले में बेंगलुरु देश का सबसे बड़ा बाजार बनकर उभरा है। यहां औसत मेट्रो शहरों की तुलना में लगभग दोगुने चॉकलेट ऑर्डर किए जाते हैं। वहीं मुंबई प्रीमियम चॉकलेट की राजधानी बनी हुई है। इंस्टामार्ट पर होने वाले शुगर-फ्री और प्रोटीन चॉकलेट के लगभग एक-चौथाई ऑर्डर अकेले बेंगलुरु से आते हैं।
अहमदाबाद के ग्राहक ने चॉकलेट पर खर्च किए ₹1.59 लाख
रिपोर्ट के अनुसार अहमदाबाद के एक ग्राहक ने केवल एक वर्ष में 1.59 लाख रुपये से अधिक की चॉकलेट खरीदी। वहीं कोच्चि के एक ग्राहक ने एक साल में 277 चॉकलेट ऑर्डर देकर सबसे अधिक ऑर्डर करने का रिकॉर्ड बनाया।
वैलेंटाइन डे पर हर मिनट 745 चॉकलेट ऑर्डर
14 फरवरी को चॉकलेट की मांग में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। वैलेंटाइन डे पर चॉकलेट ऑर्डर में 74 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज हुई और सुबह 11:25 बजे हर मिनट 745 चॉकलेट ऑर्डर किए गए।
रिपोर्ट के अनुसार अब ग्राहक चॉकलेट को केवल उपहार के रूप में नहीं, बल्कि पॉपकॉर्न, आइसक्रीम, केले, इंस्टेंट नूडल्स, प्रोटीन शेक्स और अन्य रोजमर्रा के सामान के साथ भी खरीद रहे हैं। इससे साफ है कि चॉकलेट भारतीय उपभोक्ताओं की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बन चुकी है।

