कर्मा वेलफेयर सोसायटी और देव भूमि ब्लड सेंटर के संयुक्त प्रयास से आयोजित शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
Dehradun | July 08, 2026
कर्मा वेलफेयर सोसायटी और देव भूमि ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को देहरादून में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में चिकित्सकों, समाजसेवियों, युवाओं और संस्था के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान करीब 45 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डॉ. मुकुल वर्मा ने कहा कि रक्तदान केवल किसी की जान बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने स्वस्थ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की ताकि किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े।
कर्मा वेलफेयर सोसायटी के निदेशक रविन्दर सिंह ने कहा कि समाज सेवा और जनजागरूकता संस्था की प्राथमिकता है। रक्तदान जैसे अभियान समाज में सहयोग, सेवा और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।
देव भूमि ब्लड सेंटर के प्रमुख डॉ. अमित चंद्रा ने स्वैच्छिक रक्तदान को मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था की आधारशिला बताते हुए सभी रक्तदाताओं और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के जीवन में नई उम्मीद लेकर आता है।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजकों ने नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज सेवा के इस महायज्ञ में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

