उत्तराखंड मौसम अलर्ट के बीच कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना, मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
- देहरादून, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, टिहरी और उत्तरकाशी में तेज बारिश के दौर की संभावना
Dehradun | July 08, 2026
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने राज्य के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों का नाउकास्ट (तात्कालिक मौसम पूर्वानुमान) जारी करते हुए हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज से अति तीव्र वर्षा, गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के कुछ इलाकों में बारिश का असर अधिक रहने की संभावना है। इन जिलों में गर्जन के साथ बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर पड़ सकते हैं। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश और कहीं-कहीं गर्जन की संभावना बनी हुई है।
इन इलाकों में हुई सबसे अधिक बारिश
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार सुबह 8:30 बजे तक चोरगलिया में 81.5 मिमी, हाथीबरकला में 68 मिमी, मालदेवता में 47.5 मिमी, रुद्रपुर में 44 मिमी और देहरादून में 40.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा मसूरी, भीमताल, मुक्तेश्वर, नैनीताल और अन्य कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग की लोगों को सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। लोगों को बिजली चमकने के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने, सुरक्षित भवनों में रहने तथा नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कों पर मलबा आने की आशंका को देखते हुए यात्रियों से प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
यात्रियों और किसानों के लिए विशेष सतर्कता
मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखने को कहा गया है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.
