मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल प्रकाशित, 13 अगस्त तक किए जा सकेंगे दावे-आपत्तियां

ड्राफ्ट रोल में 11.90 लाख वोटर दर्ज, मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर हुई 2045
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया ड्राफ्ट रोल, त्रुटियों पर तत्काल सुझाव देने की अपील

Dehradun, 15 july 2026 : मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अपडेट और त्रुटिरहित बनाने के लिए पिछले एक महीने से चल रहा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरा हो गया है। इसके बाद, 14 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल (प्रथम प्रारूप) प्रकाशित कर दिया गया है।

बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में उन्होंने राजनीतिक दलों को मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल, एएसडी वोटर, सर्विस वोटर और मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) की सूची हार्ड व सॉफ्ट कॉपी (पेन ड्राइव) में सौंपी। जिलाधिकारी ने सभी दलों से अपील की है कि यदि सूची में कोई भी विसंगति या त्रुटि नजर आए, तो उसे तुरंत प्रशासन के संज्ञान में लाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के अनुसार जनपद देहरादून की मतदाता सूची में कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत है। इसमें 9369 सर्विस मतदाता तथा 10130 दिव्यांग मतदाता शामिल है। जनपद में पहले 1882 मतदेय स्थल थे, लेकिन नए अनुमोदन के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 2045 हो गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी 10 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए फोटोयुक्त नामावली, सर्विस वोटर लिस्ट और अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत व डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। हर विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती भी की जा चुकी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि यदि आपका नाम मतदाता सूची में नहीं है या उसमें कोई सुधार करना है, तो निर्वाचन आयोग ने इसके लिए समय-सीमा तय की है। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक रहेगी। पात्र नागरिक अपने नजदीकी मतदाता पंजीकरण अधिकारी, सहायक पंजीकरण अधिकारी या बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। 11 सितंबर 2026 तक सभी आपत्तियों का निपटारा कर दिया जाएगा और 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम रूप से प्रकाशन होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) जल्द से जल्द नियुक्त करने का आग्रह भी किया। कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलए-2 की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा अभी 35 बूथ, इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी द्वारा 103 तथा सीपीआईएम द्वारा 1394 मतदेय स्थलों पर अपने बीएलए-2 नियुक्त किए जाने शेष है। जबकि बहुजन समाज पाटी, आम आदमी पार्टी द्वारा किसी भी बूथ पर बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं की गई है।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा) केके मिश्रा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र प्रसाद देवली, कांग्रेस पार्टी से डॉ जसविन्दर सिंह, बीजेपी से महेश गुप्ता, बीएसपी से सत्यपाल, आप पार्टी के कमल राना, सीपीआईएम के रविन्द्र कुमार नौडियाल सहित राजनीतिक दलों के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

चमोली में मुख्यमंत्री ने किया 113.99 करोड़ रुपये की 36 योजनाओं का शिलान्यास, 41.37 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण

बुध जुलाई 15 , 2026
सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के तहत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम में जनपद को मिली बडी सौगात। Chamoli, 15 july 2026 : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े के अंतर्गत जनपद चमोली के […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share