देहरादून। अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले बड़ी संख्या में नर्सिंग अभ्यर्थियों ने आज मंत्री आवास की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे पिछले कई महीनों से वर्षवार (सीनियरिटी आधारित) भर्ती व्यवस्था लागू करने, नर्सिंग भर्ती परीक्षा की तिथि निरस्त करने तथा सरकार द्वारा दिए गए आश्वासनों पर निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मंत्री आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हाथीबड़कला बैरिकेड पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत और नारेबाजी होती रही। प्रदर्शनकारी मंत्री से मिलकर अपना पक्ष रखना चाहते थे, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहीं रोकते हुए बाद में हिरासत में लेना शुरू कर दिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई के दौरान माहौल उस समय बेहद भावुक हो गया, जब एक नर्सिंग अभ्यर्थी ने कथित रूप से अपनी नस काटने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए उसे ऐसा करने से रोक लिया और सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार के सामने रख रहे हैं, लेकिन उनकी लगातार अनदेखी की जा रही है। उनका आरोप है कि सरकार ने पहले वर्षवार भर्ती के संबंध में सकारात्मक संकेत दिए थे, लेकिन बाद में भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित कर दी, जिससे हजारों अभ्यर्थियों में असंतोष व्याप्त है।
नर्सिंग एकता मंच का मंत्री आवास कूच, बैरिकेड पर रोके गए प्रदर्शनकारी, गिरफ्तारी के दौरान नर्सिंग अभ्यर्थी ने नस काटने का किया प्रयास







