राज्य में बढ़ती नशे की समस्या से निपटने और “नशा मुक्त उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में समाज कल्याण विभाग ने उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया है। इसी क्रम में निदेशक समाज कल्याण, उत्तराखंड संजय कुमार ने मंगलवार को रायवाला स्थित राजकीय नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Also Read : PM Modi Indonesia Visit: UPI, BrahMos और व्यापार पर क्या होंगे बड़े फैसले?
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध उपचार, चिकित्सीय सुविधाओं, परामर्श सेवाओं, पुनर्वास कार्यक्रमों, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था और अभिलेखों के रखरखाव का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में भर्ती लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य, उपचार और पुनर्वास से जुड़े अनुभव भी जाने।
निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक लाभार्थी को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। ऐसे में नशा मुक्ति केंद्र केवल इलाज तक सीमित न रहकर प्रभावी परामर्श और पुनर्वास के मजबूत केंद्र के रूप में विकसित किए जाने चाहिए।
जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर
संजय कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जाए। साथ ही पुनर्वास सेवाओं को मजबूत करने, केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार लाने तथा स्वच्छता, अनुशासन और निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
अधिकारियों ने दी कार्यप्रणाली की जानकारी
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक समाज कल्याण जी.आर. नौटियाल, उपनिदेशक वासुदेव आर्य, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल तथा राजकीय नशा मुक्ति केंद्र रायवाला की प्रभारी डॉ. वैशाली भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने निदेशक को केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्धियों और संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
जनहित में अपील
विशेषज्ञों का मानना है कि नशे की लत एक गंभीर सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी चुनौती है। समय पर उपचार, परिवार का सहयोग और प्रभावी पुनर्वास से इससे बाहर निकला जा सकता है। यदि आपके आसपास कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है, तो उसे छिपाने के बजाय उपचार और परामर्श के लिए प्रेरित करें। यही कदम एक स्वस्थ परिवार और नशा मुक्त समाज की दिशा में सबसे बड़ा योगदान हो सकता है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

