सेवा केवल एक शब्द नहीं, बल्कि एक संकल्प, एक जिम्मेदारी और समाज के प्रति समर्पण : जोशी

देहरादून। शनिवार को देहरादून के राजकीय इंटर कॉलेज, किशनपुर में आयोजित ’सेवा संकल्प अभियान’ कार्यक्रम में सुबे के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए मंत्री जोशी ने कहा कि सेवा केवल एक शब्द नहीं, बल्कि एक संकल्प, एक जिम्मेदारी और समाज के प्रति समर्पण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनकल्याण का संकल्प, गरीब के जीवन में सुधार, किसान की आय में वृद्धि, युवाओं को अवसर और महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रतीक है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष रुपये 6000 की सहायता, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिसका लाभ उत्तराखंड के किसानों को भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मूलतः कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ा प्रदेश है। राज्य सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड का किसान केवल उत्पादन तक सीमित न रहे, बल्कि उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, पैकेजिंग और बाजार तक की पूरी श्रृंखला से जुड़े। पर्वतीय क्षेत्रों में फल, सब्जी, मसाले, औषधीय एवं सुगंधित पौधों की अपार संभावनाओं को रोजगार और आय के अवसरों में बदलना हमारी प्राथमिकता है। मंत्री जोशी ने विद्यार्थियों से आह्वान करते हुए कहा कि किसान और विद्यार्थी दोनों देश की प्रगति के आधार हैं। आज कृषि में डिजिटल तकनीक, ड्रोन, मृदा परीक्षण और वैज्ञानिक खेती का महत्व बढ़ रहा है, इसलिए युवाओं को कृषि को विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्र के रूप में देखना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, जन-धन योजना और विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। इन योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाना भी सेवा का ही एक रूप है। सैनिक कल्याण पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है। हमारे हजारों परिवारों का संबंध सेना से है। सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों का कल्याण हमारी विशेष जिम्मेदारी है, जिसके लिए सरकार जिला स्तर पर सैनिक कल्याण कार्यालयों के माध्यम से कार्य कर रही है। उन्होंने इस अवसर पर सभी सैनिकों और वीर नारियों को नमन किया। अंत में उन्होंने कहा कि विद्यार्थी ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माता हैं। मंत्री जोशी ने विद्यालय में खेल सामग्री एवं टिन शेड निर्माण की घोषणा भी की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य धूम सिंह नेगी ,विशाल पंचोली विमल नौटियाल, बृजेश नेगी, चंद्रकला थपलियाल, अर्चना उपध्याय, प्रियंका डोभाल, ममता नौटियाल, नेहा रावत, महानगर मंत्री समीर डोभाल, मण्डल उपाध्यक्ष संजय नौटियाल, अभिभावकगण, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

आर्थिक संसाधनों के अभाव में किसी भी बच्चे का उपचार नहीं होने दिया जाएगा प्रभावितः डीएम

शनि सितम्बर 26 , 2026
रेयर डिजीज से पीड़ित बच्चों के उपचार के लिए डीएम की पहल; 10 बच्चों के उपचार को जिला प्रशासन ने दिए रू0 9.60 लाख अब तक 32 बच्चों का चिन्हीकरण, 22 बच्चों का आरबीएसके के तहत चल रहा उपचार देहरादून। जिले में दुर्लभ (रेयर) बीमारियों से पीड़ित बच्चों को समयबद्ध […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share