सोशल मीडिया पर चल रहे कथित दुष्प्रचार अभियान को लेकर सतपाल महाराज के मीडिया सलाहकार ने सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी
Dehradun, 09 June 2026: प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज के मीडिया सलाहकार निशीथ सकलानी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कथित भ्रामक सामग्री को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग हालिया घटनाओं को आधार बनाकर एआई जनरेटेड पोस्ट और भ्रामक सामग्री के माध्यम से सतपाल महाराज की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
निशीथ सकलानी ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में हाल के वन्यजीव हमलों तथा हरियाणा के एक पर्यटक के साथ हुई मारपीट की घटना को अनावश्यक रूप से तूल देकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गलत और भ्रमित करने वाली जानकारी प्रसारित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल जनभावनाओं को प्रभावित करने का प्रयास हैं, बल्कि एक जनप्रतिनिधि की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित कोशिश भी हैं।
उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज प्रदेश के वरिष्ठ और स्वच्छ छवि वाले नेताओं में शामिल हैं तथा उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य किया है। सकलानी के अनुसार, क्षेत्र में हुई वन्यजीव हमलों की घटनाओं पर भी मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कदम उठाए। प्रभावित क्षेत्रों में ट्रैप केज लगाने, नरभक्षी गुलदारों को पकड़ने तथा जरूरत पड़ने पर शूटर तैनात करने जैसी कार्रवाइयां की गईं।
सकलानी ने कहा कि वन्यजीव हमलों में घायल और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया गया। उन्होंने दावा किया कि मंत्री स्वयं कई मामलों में पीड़ितों और उनके परिवारों के संपर्क में रहे तथा उपचार और सहायता की व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
मीडिया सलाहकार ने कहा कि सोशल मीडिया पर पूर्वाग्रह के साथ भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी व्यक्ति या प्लेटफॉर्म को झूठी और तथ्यहीन जानकारी के माध्यम से किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में पुलिस को कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है और धार्मिक स्थलों या सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाने चाहिए।
सकलानी ने स्पष्ट किया कि सतपाल महाराज की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ जल्द ही विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

