हल्द्वानी और लालकुआं को बड़ी सौगात

दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी, जानें बड़ा फायदा
हल्द्वानी । हल्द्वानी और लालकुआं के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। बनभूलपुरा स्थित गौला पुल से नरीमन तिराहे तक फोरलेन सड़क निर्माण और नगला से लालकुआं वन विभाग गोदाम तक सात किलोमीटर लंबे बाईपास को स्वीकृति मिल गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जाम की समस्या कम होगी और कुमाऊं के प्रवेश द्वार पर यातायात व्यवस्था बेहतर हो सकेगी। हल्द्वानी और लालकुआं को बड़ी सौगात: कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी और लालकुआं में लंबे समय से लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा था। अब केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद राहत की उम्मीद बढ़ गई है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
ये है पहली परियोजना
पहली परियोजना के तहत बनभूलपुरा स्थित गौला पुल से नरीमन तिराहे तक सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा। यह मार्ग हल्द्वानी शहर का सबसे व्यस्त हिस्सा माना जाता है। यहां रोजाना हजारों वाहनों का दबाव रहता है। फोरलेन बनने के बाद शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को घंटों जाम में फंसने से राहत मिलेगी।
ये है दूसरी परियोजना
वहीं दूसरी बड़ी परियोजना लालकुआं क्षेत्र से जुड़ी है। नगला से लालकुआं वन विभाग गोदाम तक करीब सात किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण किया जाएगा। यह बाईपास लालकुआं बाजार और रेलवे क्रॉसिंग क्षेत्र में लगने वाले जाम का स्थायी समाधान माना जा रहा है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों और बाहरी यातायात को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा।
दोनों परियोजनाओं से जाम से मिलेगी निजात, पर्यटन और व्यापार बढ़ेगा
बताया जा रहा है कि करीब दो माह पहले एनएचएआई अधिकारियों ने इन परियोजनाओं का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर सड़क परिवहन मंत्रालय को भेजा था। अब मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही डीपीआर और निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से न सिर्फ जाम की समस्या दूर होगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और कुमाऊं की कनेक्टिविटी को भी नई गति मिलेगी।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share