फिजूलखर्ची और नशे की लत को लेकर चल रहा था विवाद, हत्या के बाद शव हाईवे पर रखकर किया प्रदर्शन
Dehradun | June 15, 2026
पटेलनगर क्षेत्र के भुड्डी गांव में युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में दून पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके छोटे भाई ने ही की थी। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावरों की कहानी गढ़ी और बाद में शव को हाईवे पर रखकर प्रदर्शन कर पुलिस का ध्यान भटकाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार 15 जून की देर रात सूचना मिली थी कि भुड्डी गांव में एक युवक को घर में घुसकर अज्ञात व्यक्ति ने गोली मार दी है। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सोहेल हारून निवासी भुड्डी गांव के रूप में हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो कई अहम तथ्य सामने आए। जांच में पाया गया कि घर के कैमरे चालू होने के बावजूद उनकी रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी गई थी। वहीं आसपास के कैमरों में घटना के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने के साक्ष्य नहीं मिले।
बाथरूम से बरामद हुई देशी पिस्टल
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को घर के बाथरूम में छिपाकर रखी गई एक देशी पिस्टल बरामद हुई। जब पुलिस ने मृतक के छोटे भाई शाहिद हारून से पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपने बड़े भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पिता के खाते से निकाले थे लाखों रुपये
पुलिस पूछताछ में आरोपी शाहिद ने बताया कि वह नशे का आदी था और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए घर से पैसे लेता रहता था। उसका बड़ा भाई सोहेल उसकी गलत आदतों का विरोध करता था और अक्सर उसे समझाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि माता-पिता के हज यात्रा पर जाने के बाद शाहिद ने पिता का एटीएम कार्ड चोरी कर लिया था और खाते से करीब 10 लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए थे। इस बात का पता चलने पर सोहेल ने शाहिद की पिटाई कर दी थी। इसी घटना से नाराज होकर शाहिद ने अपने भाई को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पहले बंद किए कैमरे, फिर की हत्या
पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या से दो दिन पहले घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी और उन्हें केवल लाइव मोड पर छोड़ दिया था। 14 जून की रात उसने घर में रखी देशी पिस्टल से अपने बड़े भाई को गोली मार दी। हत्या के बाद उसने हथियार को बाथरूम में छिपा दिया और अज्ञात हमलावरों की झूठी कहानी बनाकर पुलिस और परिजनों को गुमराह करने का प्रयास किया।
शव रखकर किया हाईवे जाम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने गांव के लोगों को भड़काकर अपने भाई के शव को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क जाम होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में शाहिद सहित अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी शाहिद हारून (21) निवासी भुड्डी गांव, पटेलनगर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल भी बरामद की गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

