Doctors Day पर दून मेडिकल कॉलेज में 32 डॉक्टर सम्मानित, सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और विशेषज्ञ डॉक्टर कैडर बनाने की घोषणा
Dehradun | July 01, 2026
Doctors Day के अवसर पर गवर्नमेंट दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित ‘पांचवें डॉक्टर ऑफ द ईयर अवॉर्ड-2026’ सम्मान समारोह में उत्तराखंड के चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी, ताकि चिकित्सकों को आधुनिक तकनीक और भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा सके।
Doctors Day समारोह में मंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 के अंत तक प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रिक्त पदों पर नियुक्तियां पूरी कर ली जाएंगी। साथ ही लंबित पदोन्नतियों का भी शत-प्रतिशत निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए अलग कैडर बनाया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों से तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए योग और मेडिटेशन को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ‘डॉक्टर ऑफ द ईयर’ सम्मान केवल उपलब्धि का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारियों को और अधिक बढ़ाने वाला सम्मान है।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर के विभिन्न सरकारी और निजी चिकित्सा संस्थानों से चयनित 32 चिकित्सकों को ‘डॉक्टर ऑफ द ईयर-2026’ सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा तीन चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड तथा तीन चिकित्सकों को आउटस्टैंडिंग लीडरशिप अवॉर्ड प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) भानु दुग्गल ने की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा और शिक्षा का व्यवसायीकरण इस स्तर तक नहीं होना चाहिए कि समाज का कमजोर वर्ग गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह जाए।
भारतीय चिकित्सा परिषद के अध्यक्ष डॉ. जे.एन. नौटियाल ने आयुष चिकित्सा की उपयोगिता पर प्रकाश डाला, जबकि स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेंद्र डोभाल ने मेडिकल छात्रों और युवा डॉक्टरों में बढ़ते मानसिक तनाव तथा आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की।
दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने Doctors Day के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश में इस दिवस की शुरुआत और इसके उद्देश्य की जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन ‘दिव्य हिमगिरि’ की ओर से किया गया, जिसमें प्रदेशभर के वरिष्ठ चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षाविद और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

