07 जुलाई तक गणना प्रपत्र जमा करना अनिवार्य, देहरादून में 1.90 लाख से अधिक मतदाताओं ने अभी तक नहीं कराया सत्यापन
Dehradun | July 04, 2026
मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिले के मतदाताओं से 07 जुलाई तक हर हाल में अपना गणना प्रपत्र जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि समय सीमा के भीतर प्रपत्र जमा नहीं करने पर संबंधित व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से प्रभावित हो सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि देहरादून जिले में पंजीकृत 13.76 लाख मतदाताओं में से अब तक 11.86 लाख से अधिक मतदाता अपना गणना प्रपत्र जमा कर चुके हैं। इनमें 99.98 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी पूरा हो चुका है। हालांकि 1,90,588 मतदाता अब भी ऐसे हैं, जिन्होंने अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि जो लोग दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे ईसीआईनेट (ECINet) ऐप या ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग कर अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संपर्क कर सकते हैं और आसानी से गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना या अपने माता-पिता अथवा दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर देख सकते हैं। वहीं अन्य राज्यों के मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि गणना प्रपत्र जमा करने की अंतिम तिथि 07 जुलाई है और अब केवल कुछ ही दिन शेष हैं। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अंतिम समय का इंतजार न करते हुए जल्द से जल्द प्रपत्र जमा कर अपने मताधिकार को सुरक्षित रखने की अपील की।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

