उत्तराखंड में अग्निवीरों के रोजगार की जिम्मेदारी संभालेगा पुनर्रोजगार सेल : कर्नल कोठियाल

पहले दो बैच के करीब 1200 अग्निवीरों के लिए रोजगार की तैयारी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में स्थापित किया गया अग्निवीर पुनर्रोजगार सेल देश में अपनी तरह की पहली पहल है, जो सैन्य सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को रोजगार से जोड़ने का काम करेगा। पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि इस सेल के माध्यम से शुरुआती चरण में प्रदेश के करीब 1200 अग्निवीरों के पुनर्रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कर्नल कोठियाल ने बताया कि अग्निवीर योजना को लेकर विपक्ष और कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोप निराधार और तथ्यहीन हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना किसी भी योजना को व्यापक परीक्षण और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लागू करती है। अग्निपथ योजना भी देश और सेना की आवश्यकता को देखते हुए शुरू की गई महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने 17 जुलाई को राज्य में अग्निवीर पुनर्रोजगार सेल बनाने की घोषणा की थी। यह सेल सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय के अंतर्गत कार्य करेगा। इसमें सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों, राज्य सरकार के अनुभवी अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम शामिल होगी। यह केंद्र सरकार, गृह मंत्रालय, राज्य सरकार के विभागों और निजी कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर तलाशेगा।
कर्नल कोठियाल ने कहा कि सेल की भूमिका अग्निवीरों और रोजगार देने वाली संस्थाओं के बीच सेतु के रूप में होगी। चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करने के बाद बाहर आने वाले अग्निवीरों के पास अनुशासन, प्रशिक्षण और अनुभव होगा। इसके साथ ही सेना उनके कौशल को प्रमाणित और विकसित करने का कार्य भी कर रही है, जिससे उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने बताया कि दिसंबर और जनवरी में आने वाले पहले दो बैच में उत्तराखंड के लगभग 1200 अग्निवीर सैन्य सेवा पूरी कर वापस आएंगे। इसके अलावा नवंबर में भारतीय नौसेना के अग्निवीरों का पहला बैच भी पास आउट होगा, जिनके लिए भी रोजगार और पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी।
कर्नल कोठियाल ने कहा कि कुछ अग्निवीर आगे की पढ़ाई करना चाहेंगे, जबकि कुछ स्वरोजगार की दिशा में जाना चाहेंगे। पुनर्रोजगार सेल उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित से जुड़े इस विषय पर राजनीति से ऊपर उठकर सभी को सहयोग करना चाहिए। इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन भी मौजूद रहे।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

सेहत की सुरक्षा, धामी सरकार की प्राथमिकता

शुक्र अगस्त 7 , 2026
नकली डेयरी उत्पादों पर प्रदेशव्यापी प्रतिबंध, मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले उत्पाद अब नहीं बिकेंगे, पूरे उत्तराखंड में सघन जांच अभियान देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेश में शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की मुहिम को बड़ी सफलता मिली […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share