Shardiya Navratri 2025: सकारात्मक ऊर्जा और मंगलकारी फल का प्रतीक है हाथी पर मां का आगमन
22 सितंबर से आरंभ होंगे Shardiya Navratri 2025
Dehradun, 21 September: इस नवरात्रि मां दुर्गा का आगमन खास होने वाला है। 22 सितंबर से शुरू हो रहे नवरात्र में देवी हाथी पर सवार होकर धरती पर पधारेंगी, जो समृद्धि, सौभाग्य और सुख-शांति का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जब नवरात्र की शुरुआत सोमवार या रविवार को होती है, तब देवी हाथी की सवारी चुनती हैं, और यह संकेत देता है भरपूर वर्षा, अच्छी फसल और आर्थिक प्रगति का।
समृद्धि का प्रतीक है हाथी
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, हाथी शक्ति, बुद्धि और समृद्धि का प्रतीक है। देवराज इंद्र का वाहन ऐरावत भी हाथी है, वहीं गणपति भी हाथीमुख स्वरूप में पूजे जाते हैं। इसीलिए मां दुर्गा का हाथी पर आगमन कृषि, व्यापार और पारिवारिक जीवन में सकारात्मकता का संदेश लेकर आता है।
मां का प्रस्थान भी रहेगा शुभ
इस बार मां दुर्गा का प्रस्थान 2 अक्टूबर, गुरुवार को मनुष्य के कंधे पर होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ऐसा प्रस्थान समाज में शांति, व्यापार में प्रगति और पड़ोसी देशों के साथ संबंधों में सुधार का संकेत देता है।
Shardiya Navratri 2025: दुर्गा पूजा का पूरा कैलेंडर
- 28 सितंबर, रविवार : महाषष्ठी
- 29 सितंबर, सोमवार : महासप्तमी
- 30 सितंबर, मंगलवार : महाअष्टमी
- 01 अक्टूबर, बुधवार : महानवमी
- 02 अक्टूबर, गुरुवार : विजयादशमी/दशहरा
षष्ठी तिथि से दुर्गा पूजा की शुरुआत
षष्ठी तिथि से दुर्गा पूजा की शुरुआत बोधन के साथ होती है। सप्तमी को नवपत्रिका पूजा, अष्टमी को महा दुर्गाष्टमी और नवमी को महिषासुर मर्दिनी के रूप में मां की उपासना की जाती है। दशमी के दिन देवी प्रतिमाओं का विसर्जन कर भक्तगण उन्हें श्रद्धापूर्वक विदाई देते हैं।
कब किस वाहन पर आती हैं मां दुर्गा
- रविवार या सोमवार: हाथी (सुख-समृद्धि और अच्छी बारिश)
- शनिवार या मंगलवार: घोड़ा (युद्ध और राजनीतिक उथल-पुथल)
- गुरुवार या शुक्रवार: पालकी (सुख, शांति और समृद्धि)
- बुधवार: नाव (सभी मनोकामनाओं की पूर्ति)
हाथी की सवारी का महत्व
- कृषि, व्यापार और पारिवारिक जीवन में सकारात्मकता
- अच्छी फसल और भरपूर वर्षा से किसानों को लाभ
- व्यापार और कारोबार में तेजी
- आर्थिक दृष्टि से समय लाभकारी
- परिवारों में सुख-शांति और आपसी प्रेम का वातावरण
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें

