मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, फार्म वितरण और डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश
Dehradun | June 16, 2026
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम एवं भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। बैठक में गणना फार्म वितरण और उनके डिजिटाइजेशन की प्रगति का जायजा लिया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी जनपद निर्धारित समयसीमा के भीतर गणना फार्मों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में फार्म वितरण का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, वहां अब डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं बूथवार समीक्षा करें और जिन बूथों पर वितरण या डिजिटाइजेशन की प्रगति धीमी है, वहां अतिरिक्त कार्मिकों को हेल्पिंग हैंड के रूप में तैनात किया जाए।
घर पर अनुपस्थित मतदाताओं के लिए तीन बार विजिट के निर्देश
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि घर पर अनुपस्थित मिलने वाले मतदाताओं के लिए बीएलओ और बीएलए संयुक्त रूप से कार्य करें। ऐसे मतदाताओं के घर कम से कम तीन बार अनिवार्य रूप से विजिट की जाए, ताकि अधिकतम मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित हो सके।
एबसेंट, शिफ्टेड और डुप्लीकेट वोटरों की रिपोर्ट दर्ज करना जरूरी
भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में फार्म वितरण का कार्य पूरा हो चुका है और संबंधित मतदाता उपलब्ध नहीं हैं, वहां डिजिटाइजेशन के बाद ऐसे मतदाताओं की सूची बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) के साथ भी साझा की जाए।
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की स्थिति एबसेंट (अनुपस्थित), शिफ्टेड (स्थानांतरित), डेथ (मृतक) या डुप्लीकेट श्रेणी में आती है, उनके गणना फार्म पर बीएलओ द्वारा फील्ड रिपोर्ट अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी और निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) उपस्थित रहे।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

