कांवड़ मेला-2026: IG एसटीएफ और DIG लॉ एंड ऑर्डर ने हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश

  • मेला कन्ट्रोल रूम में सुपर जोनल एवं जोनल अधिकारियों के साथ कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा, आगामी रणनीति पर हुआ मंथन
  • सुरक्षा, यातायात व भीड़ प्रबंधन, अफवाह नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर

हरिद्वार । प्रचलित श्रावण मास कांवड़ मेला-2026 के सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन के दृष्टिगत आज पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ श्री निलेश आनंद भरणे एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था श्री धीरेंद्र सिंह गुंज्याल हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार एवं अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ चण्डी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ी क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले चौराहों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, समन्वय एवं त्वरित प्रतिक्रिया के साथ ड्यूटी का निर्वहन सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपने भ्रमण के दौरान उच्चाधिकारियों ने मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कंट्रोल रूम का गहन अवलोकन किया। इसके माध्यम से हरिद्वार शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की लाइव मॉनिटरिंग की गई। उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात कर्मियों को हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में कांवड़ मेले में नियुक्त सुपर जोनल एवं जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ वर्तमान व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी दिनों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिए कि आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा छोटी से छोटी घटना अथवा व्यवधान का भी तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी स्थिति को अनावश्यक रूप से बढ़ने से रोका जा सके।
उन्होंने निर्देशित किया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम 24×7 सक्रिय रहे तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली प्रत्येक सूचना पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित होने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों को तत्काल चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अवगत कराया कि प्रत्येक जोनल-सेक्टर में सक्षम पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति की गई है तथा पुलिस मुख्यालय से भी उच्चाधिकारियों द्वारा कांवड़ मेले की निरंतर निगरानी की जा रही है। आने वाले सप्ताह की चुनौतियों से निपटने के लिए सभी को एक टीम के रूप में कार्य करने और प्रत्येक परिस्थिति का प्रभावी ढंग से सामना करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, आवश्यकतानुसार कुछ स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल नियुक्त करने हेतु एसएसपी हरिद्वार एवं नोडल अधिकारी कांवड़ मेला को निर्देशित किया गया।
समीक्षा बैठक के समापन पर पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ निलेश आनंद भरणे एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेंद्र सिंह गुंज्याल द्वारा कांवड़ मेला ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों तथा एसपीओ को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

2036 ओलंपिक मेजबानी का संकल्प लेकर कावड़ उठाएंगी रेखा आर्या

सोम अगस्त 3 , 2026
10 अगस्त को हर की पौड़ी से निकलेगी 22 किलोमीटर लंबी पैदल कावड़ यात्रा देहरादून। 2036 ओलंपिक की मेजबानी भारत को मिले इसी संकल्प के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या हरिद्वार से पैदल कावड़ यात्रा निकालने जा रही है। खेल मंत्री ने सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share