मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने 6 नए ब्लॉक्स का काम तत्काल शुरू करने, कूड़ा प्रबंधन योजना और ऑपरेशन-मेंटेनेंस फ्रेमवर्क तैयार करने के दिए निर्देश
Dehradun | July 07, 2026
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में केदारनाथ पुनर्निर्माण एवं पुनर्विकास कार्यों तथा बद्रीनाथ मास्टर प्लान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने दोनों परियोजनाओं के भौतिक एवं वित्तीय कार्यों की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने केदारनाथ धाम में प्रस्तावित 6 नए ब्लॉक्स का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए ताकि सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे हो सकें।
केदारनाथ के लिए बनेगी एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को केदारनाथ यात्रा क्षेत्र के लिए व्यापक एवं एकीकृत कूड़ा प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए राज्य सरकार हर संभव वित्तीय और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएगी।
बद्रीनाथ मास्टर प्लान के कार्यों में भी तेजी के निर्देश
बैठक में बद्रीनाथ मास्टर प्लान फेज-1 और फेज-2 के कार्यों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी परियोजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े सभी कंटेंट और आर्टवर्क का कार्य भी समानांतर रूप से शुरू कराया जाए।
ऑपरेशन और मेंटेनेंस के लिए बनेगा फ्रेमवर्क
मुख्य सचिव ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में विकसित किए जा रहे सभी परिसंपत्तियों और सुविधाओं के ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस के लिए पहले से फ्रेमवर्क तैयार किया जाए। इससे परियोजनाओं के हैंडओवर के बाद रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी तय करने में आसानी होगी।
बैठक में सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर सचिव विनीत कुमार सहित संबंधित जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।

