मसूरी में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम, होटल कारोबारियों को NDPS Act की दी गई जानकारी
- अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस पर पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को नशे के खिलाफ किया गया जागरूक।
Dehradun | June 27, 2026
अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर मसूरी टाउन हॉल में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाज कल्याण विभाग, राजकीय नशा मुक्ति केंद्र (रायवाला) और एसपीवाईएम (SPYM) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में मसूरी के नगर पार्षदों, स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष रजत अग्रवाल सहित रैडिसन, एलबी होटल समेत कई प्रतिष्ठित होटल, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउस के संचालकों, प्रबंधकों तथा कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की।
मुख्य वक्ता डॉ. राजेश कुमार ने होटल व्यवसायियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों को नशे की रोकथाम, एनडीपीएस अधिनियम (NDPS Act) के कानूनी प्रावधानों और संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से ही उत्तराखंड को सुरक्षित और नशामुक्त पर्यटन राज्य बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अपने-अपने संस्थानों में नशामुक्त वातावरण बनाए रखने, नशे के प्रति जागरूकता फैलाने और सुरक्षित पर्यटन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

