मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से राहत पाने पहुंचे हजारों पर्यटक, नैनी झील और माल रोड पर दिनभर रही भारी भीड़।
Nainital | June 27, 2026
मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक इन दिनों सरोवर नगरी नैनीताल पहुंच रहे हैं। वीकेंड शुरू होते ही शहर पर्यटकों से गुलजार हो गया। नैनी झील से लेकर माल रोड और प्रमुख पर्यटन स्थलों तक दिनभर भारी भीड़ देखने को मिली। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से जहां स्थानीय पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिली, वहीं शहर में कई स्थानों पर लंबा ट्रैफिक जाम भी लग गया।
शनिवार सुबह से ही नैनी झील में नौकायन के लिए लंबी कतारें लग गईं। माल रोड, स्नो व्यू, टिफिन टॉप, केव गार्डन और हिमालय दर्शन प्वाइंट पर भी पर्यटकों की अच्छी-खासी भीड़ रही। कई स्थानों पर पैदल चलने तक के लिए जगह कम पड़ती दिखाई दी।
70 फीसदी तक भर गए होटल
होटल और गेस्ट हाउस संचालकों के अनुसार वीकेंड पर शहर के अधिकांश होटल करीब 70 प्रतिशत तक बुक हो चुके हैं। रेस्टोरेंट, कैफे, टैक्सी कारोबार और स्थानीय हस्तशिल्प की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी आमद रही। कारोबारियों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
नीट परीक्षा के बाद बढ़ी परिवारों की आवाजाही
हाल ही में नीट परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में परिवार बच्चों के साथ छुट्टियां मनाने नैनीताल पहुंच रहे हैं। गुलाबी ठंड, सुहावना मौसम और साफ आसमान पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है।
जाम से निपटने के लिए शटल सेवा शुरू
पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते माल रोड और शहर के प्रवेश मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार मोर्चा संभाले रही।
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से भेजा जा रहा है। वहीं नैनीताल की पार्किंग पूरी तरह भर जाने के बाद पर्यटकों को भी शटल सेवा के जरिए शहर में प्रवेश कराया जा रहा है। जिन पर्यटकों की होटल में पहले से बुकिंग है, उन्हें सीधे शहर के भीतर जाने की अनुमति दी जा रही है।
लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और यात्रा के दौरान पुलिस के निर्देशों का सहयोग करने की अपील की है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

