UTDB की 24वीं बोर्ड बैठक में 20 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, 3121 युवाओं को मिलेगा एडवेंचर टूरिज्म प्रशिक्षण
Dehradun | June 16, 2026
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (UTDB) की 24वीं बोर्ड बैठक मंगलवार को आईएचएम गढ़ीकैंट स्थित पर्यटन मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने की। इस दौरान पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सभी 20 एजेंडा बिंदुओं को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में पर्यटन सचिव एवं UTDB के मुख्य कार्यकारी अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, ACEO संदीप तिवारी, KMVN के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड प्रकृति, अध्यात्म और साहसिक गतिविधियों का अद्वितीय संगम है। बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णय राज्य को विश्वस्तरीय एडवेंचर और स्पिरिचुअल टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
उत्तराखंड में होंगे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन आयोजन
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कई बड़े अंतरराष्ट्रीय पर्यटन आयोजनों को मंजूरी दी गई है। इनमें पहली बार उत्तराखंड में आयोजित होने वाला ATOAI National Convention (कौसानी), Uttarakhand International Tourism Conclave (देहरादून), Global Food Festival तथा International River Rafting Festival शामिल हैं।
इन आयोजनों के माध्यम से राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
18 एडवेंचर इवेंट्स को मिली स्वीकृति
बोर्ड ने वर्ष 2026-27 के लिए 18 बड़े एडवेंचर आयोजनों के कैलेंडर को भी मंजूरी दी है। इनमें निति एक्सट्रीम अल्ट्रा मैराथन, आदि कैलाश परिक्रमा रन, एमटीबी चैलेंज, नेशनल कयाकिंग एवं कैनोइंग चैंपियनशिप, औली विंटर कार्निवाल, टिहरी एक्रो फेस्टिवल, ट्रेक ऑफ द ईयर, माउंटेनियरिंग अभियान, नैयर वैली फेस्टिवल और कॉर्बेट पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
त्रियुगीनारायण, कार्तिक स्वामी और कैंची धाम का होगा समग्र विकास
आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए त्रियुगीनारायण मंदिर, कार्तिक स्वामी मंदिर और कैंची धाम के लिए व्यापक डेस्टिनेशन डेवलपमेंट प्लान तैयार करने को मंजूरी दी गई है।
त्रियुगीनारायण को डेस्टिनेशन वेडिंग हब, कार्तिक स्वामी को ट्रेकिंग और धार्मिक पर्यटन केंद्र तथा कैंची धाम को बेहतर विजिटर मैनेजमेंट, पार्किंग और सार्वजनिक सुविधाओं से विकसित किया जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञ कंसल्टेंट नियुक्त किए जाएंगे।
3121 युवाओं को मिलेगा एडवेंचर टूरिज्म प्रशिक्षण
बैठक में स्थानीय युवाओं को एडवेंचर टूरिज्म प्रोफेशनल के रूप में तैयार करने के लिए 3,121 युवाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम को भी मंजूरी दी गई।
इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में माउंटेनियरिंग, स्कीइंग, वाइल्डरनेस फर्स्ट एड, हाई एल्टीट्यूड गाइड कोर्स, व्हाइट वॉटर कयाकिंग, रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग और व्यवहारिक कौशल विकास जैसे कोर्स शामिल हैं।
सुरक्षा और होमस्टे विकास पर विशेष फोकस
पर्यटक सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए सभी गाइडों के लिए CPR प्रशिक्षण अनिवार्य किया गया है। वहीं ट्रेकिंग मार्गों पर होमस्टे निर्माण और मरम्मत अनुदान में भी वृद्धि की गई है।
इसके अलावा रिवर राफ्टिंग और कयाकिंग नियमों में संशोधन करते हुए गाइड पात्रता, लाइसेंस नवीनीकरण, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग और दंडात्मक प्रावधानों को और सख्त किया गया है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य में पर्यटन विकास को सतत, सुरक्षित और जनोन्मुख बनाने के लिए बुनियादी ढांचे और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

