रायपुर गोलीकांड के विरोध में कांग्रेस ने जिलाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन, कहा- कार्रवाई नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन
Dehradun | July 04, 2026
रायपुर विधानसभा क्षेत्र के 6 नंबर पुलिया स्थित शराब की दुकान के बाहर हुई गोलीबारी की घटना के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू) के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के बाद जिला आबकारी अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने शराब की दुकान को तत्काल हटाने, गोलीकांड के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि रायपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उनका आरोप था कि पुलिस प्रशासन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में विफल साबित हो रहा है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई गोलीबारी ने आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। जब तक पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
‘शराब की दुकान से बढ़ी हैं समस्याएं’
विनीत प्रसाद भट्ट ने आरोप लगाया कि 6 नंबर पुलिया स्थित शराब की दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं। स्थानीय महिलाओं, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आसपास रहने वाले लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जनहित और क्षेत्र की सुरक्षा का हवाला देते हुए शराब की दुकान को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।
उन्होंने क्षेत्रीय विधायक की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद उनकी ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जबकि जनता जवाब चाहती है।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और शराब की दुकान हटाने की मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेता है तो पार्टी जनभावनाओं के अनुरूप उग्र आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

